सब जीत के दावे भर रए, कहितें-मोसौ कोऊ न मिलैगौ।

बरहन के हनुमान चौराहा पर चाय की चुस्की संग सियासत की चर्चा एत्मादपुर से 11 किलोमीटर दूर है यह इलाका

By JagranEdited By: Publish:Sat, 22 Jan 2022 06:15 AM (IST) Updated:Sat, 22 Jan 2022 06:15 AM (IST)
सब जीत के दावे भर रए, कहितें-मोसौ कोऊ न मिलैगौ।
सब जीत के दावे भर रए, कहितें-मोसौ कोऊ न मिलैगौ।

जागरण टीम, आगरा। एत्मादपुर तहसील से 11 किलोमीटर दूर स्थित 15 हजार की आबादी वाले बरहन क्षेत्र में सियासी चर्चा जोरों पर है। चाय की दुकान हो या गांव की चौपाल। किसकी जीत, किसका पलड़ा भारी, कौन प्रत्याशी मजबूत, कौन कमजोर यही बात चर्चा का विषय है।

गुरुवार सुबह कड़ाके की ठंड में हनुमान चौराहा पर भट्ठी में चाय उबल रही है। बरहन निवासी गोकुल सिंह 15 वर्षो से नियमित चाय पिला रहे हैं। घड़ी की सुइयां सात बजने का इशारा कर रही हैं और लोग दुकान पर पहुंच रहे हैं। बात गोकुल सिंह से शुरू हुई। चाचा.. यहां किसकी बयार है? गोकुल सिंह सिर नीचा किए रहे। बोले, सब जीत के दावे भर रए। कहितें, मोसौ कोऊ न मिलैगौ। समय बतावैगौ कौन जीतैगो। धर्मेद्र कुशवाहा ने चाय सुड़कते हुए जवाब दिया, चुनाव कोई जीते, लेकिन इस समय तो समर्थकों की बल्ले-बल्ले है। सफेद पेंट-शर्ट पहनी और सुबह ही नेताजी को सलाम ठोक दिया। पूरे दिन उन्हीं की ड्यूटी। खिलाने-पिलाने को नेताजी हैं न। बुद्धसेन त्यागी ने बोले, बात तो ठीक कही। गली-मुहल्ले, घर-कूंचों में नेता पहुंचकर पैर छू रहे हैं। कहते हैं, हमारा ख्याल रखना। उन्हें जिता दिया तो फिर इन गलियों में दिखेंगे नहीं। पुष्पेंद्र ने कहा बेरोजगार, महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य पर काम होना चाहिए।

बिचपुरी गांव जाने वाला 200 मीटर का हिस्सा जर्जर

जागरण टीम, आगरा। ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की बिचपुरी ग्राम पंचायत बदहाल है। सड़क पर गहरे गड्ढे और जगह-जगह जलभराव राहगीरों की मुश्किल बढ़ा रहा है। आगरा-जयपुर से जुड़ने वाला संपर्क मार्ग गांव बिचपुरी के लिए जाता है। इसकी दूरी दो किलोमीटर है। इसमें भी 200 मीटर का हिस्सा काफी जर्जर हो गया है। क्षेत्रीय ग्रामीणों का कहना है कि महज 200 मीटर टुकड़े की मरम्मत हो जाए तो आवागमन सुगम हो जाएगा। इसके लिए कई बार अधिकारियों से शिकायत की लेकिन हर बार जल्द कार्रवाई का आश्वासन ही मिला। ग्राम प्रधान प्रदीप चौधरी भी लाचार हैं। वे कहते हैं कि कई बार शिकायत कर चुके, अफसर सुनते ही नहीं। सड़क की बदहाली का खामियाजा ग्रामवासियों को भुगतना पड़ रहा है। खंड विकास अधिकारी नेहा सिंह ने कहा कि इस बारे में ग्राम प्रधान से वार्ता की जाएगी। यह मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी