UP Panchayat Election 2021: रात भर चली रीकाउंटिंग के बाद मैनपुरी में जीतीं सपा विधायक की पत्नी

जिला पंचायत के वार्ड 28 पर बुधवार सुबह चार बजे घोषित हुआ चुनाव परिणाम। 22 वोटों से जीतीं वंदना यादव प्रमाणपत्र बुधवार सुबह दिया गया। निर्दलीय प्रत्याशी और भाजपा नेताओं ने लगाए गड़बड़ी के आरोप। पहले मतगणना में निर्दलीय प्रत्‍याशी जर्मन यादव ने हासिल की थी बढ़त।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 08:58 AM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 08:58 AM (IST)
UP Panchayat Election 2021: रात भर चली रीकाउंटिंग के बाद मैनपुरी में जीतीं सपा विधायक की पत्नी
बुधवार सुबह मैनपुरी में वंदना यादव को प्रमाण पत्र सौंपते अधिकारी।

आगरा, चुनाव डेस्‍क। मैनपुरी में जिला पंचायत वार्ड 28 परिणाम रातभर चली पुनर्मतगणना के बाद बुधवार सुबह चार बजे घोषित कर दिया गया। सपा विधायक राजकुमार यादव की पत्नी वंदना यादव ने 22 वोटों से जीत हासिल की। प्रशासन ने सुबह ही उनको प्रमाण पत्र भी प्रदान कर दिया। पूर्व में जीत का दावा करने वाले निर्दलीय प्रत्याशी जर्मन यादव और भाजपा नेताओं ने प्रशासन पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है।

जिला पंचायत के वार्ड संख्या 28 के परिणाम को लेकर सोमवार को सुबह से ही हार-जीत की चर्चाएं चल रही थीं। दोपहर बाद सपा विधायक राजकुमार यादव की पत्नी वंदना यादव की हार और निर्दलीय प्रत्याशी जर्मन यादव की जीत की बात कही गई। परंतु सोमवार रात को जिला प्रशासन ने अगले दिन परिणाम घोषित करने की बात कह दी। मंगलवार सुबह वंदना यादव के जीत हासिल करने की बात शुरू हो गई। निर्दलीय प्रत्याशी ने इसका विरोध जताया था। उसके समर्थन में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान और पूर्व मंत्री अशोक चौहान भी पहुंचे थे। प्रशासन पर सपा विधायक के दवाब में काम करने का आरोप लगाते हुए पुनर्मतगणना की मांग की थी। जिसके बाद जिसके बाद डीएम ने पुनर्मतणना के आदेश जारी कर दिए।

डीएम के निर्देश पर सीडीओ ईशा प्रिया की निगरानी में मतगणना मंगलवार शाम लगभग छह बजे शुरू कराई गई थी। तब रात्रि 11 बजे तक परिणाम घोषित होने की बात कही जा रही थी। परंतु प्रक्रिया पूरी रात चलती रही। जिसके बाद प्रशासन ने वंदना यादव को 22 वोटों से विजेता घोषित कर दिया। एडीएम बी राम ने वंदना यादव का प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी ने गड़बड़ी के आरोप लगाए। परिणाम की जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष भी कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन पर मनमानी करने का आरोप लगाया।

chat bot
आपका साथी