आगरा किला में सजेगी "एक शाम आजादी के नाम', 25 को होगा कार्यक्रम

आजादी का अमृत महोत्सव में आयोजित होगा कवि सम्मेलन। संस्कृति मंत्रालय देश में 23 से 30 तक करा रहा है कार्यक्रम। 25 जनवरी को देश को स्वच्छ रखने का संदेश देने को स्वच्छता अभियान का आयोजन भी होगा।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Wed, 19 Jan 2022 04:17 PM (IST) Updated:Wed, 19 Jan 2022 04:17 PM (IST)
आगरा किला में सजेगी "एक शाम आजादी के नाम', 25 को होगा कार्यक्रम
आजादी का अमृत महोत्सव में आयोजित होगा कवि सम्मेलन।

आगरा, जागरण संवाददाता। देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। महोत्सव के तहत आगरा किला में 25 जनवरी को "एक शाम आजादी के नाम' कार्यक्रम होगा। अपनी रचनाओं के माध्यम से कवियों द्वारा राष्ट्रप्रेम की अलक जगाई जाएगी। इसके लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

देश आजादी के 75वें वर्ष का जश्न मना रहा है। 15 अगस्त को देश को आजाद हुए 75 वर्ष पूर्ण हो जाएंगे। इस उपलक्ष्य में सरकार द्वारा कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। संस्कृति मंत्रालय भी इसी कड़ी में केंद्र सरकार द्वारा संरक्षित स्मारकों में 23 से 30 जनवरी तक कार्यक्रमों का आयोजन कराने जा रहा है। एएसआइ के आगरा सर्किल में आगरा किला का चयन कार्यक्रम के लिए किया गया है। यहां 25 जनवरी को देश को स्वच्छ रखने का संदेश देने को स्वच्छता अभियान का आयोजन होगा। शाम को "एक शाम आजादी के नाम' कार्यक्रम होगा, जिसमें अपनी कविताओं से कवि राष्ट्रप्रेम का संदेश देंगे। यह कार्यक्रम युद्धों में भाग ले चुके सेवानिवृत्त सैनिकों को समर्पित रहेगा। अधीक्षण पुरातत्वविद् राजकुमार पटेल ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आगरा किला में कार्यक्रम किया जाना है। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

रोशन किए गए थे स्मारक

देश में कोरोना वैक्सीन की 100 करोड़ वीं डोज लगने पर देशभर में चिह्नित किए गए 100 स्मारकों को रोशन किया गया था। इनमें आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा और एत्माद्दौला शामिल थे। तब स्मारकों पर आजादी के अमृत महोत्सव का संदेश भी दिया गया था। दो दिन तक स्मारक रोशन रहे थे। इस नजारे को देख शहरवासी गर्व से भर उठे थे। 

chat bot
आपका साथी