हाथरस रोड पर चार श्रमिक रौंदे, दो की मौत, चले गए घर के कमाने वाले

एत्माद्दौला में प्रकाश कोल्ड स्टोरेज के पास हुआ था हादसा। पल्लेदारी करने के बाद घर लौटने को सड़क किनारे गाड़ी की प्रतीक्षा कर रहे थे।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 17 Jan 2019 02:33 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jan 2019 03:32 PM (IST)
हाथरस रोड पर चार श्रमिक रौंदे, दो की मौत, चले गए घर के कमाने वाले
हाथरस रोड पर चार श्रमिक रौंदे, दो की मौत, चले गए घर के कमाने वाले

आगरा, जासं। हाथरस रोड पर पल्लेदारी करके घर लौटने को सड़क किनारे गाड़ी का इंतजार करते चार श्रमिकों को बुधवार को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया था। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं दो गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एसएन में भर्ती कराया है। मृतक श्रमिकों के घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में यही थे, जो कमाने वाले थे। बेटों के जाने का गम है, वहीं उनके बच्चों की परवरिश की चिंता भी।

खंदौली के उस्मानपुर निवासी गब्बर सिंह (22) पुत्र मतल्लो राम और बंशी (23) पुत्र छेदालाल पल्लेदारी करते थे। मंगलवार रात को वह गांव के ही अंशू और बॉबी के साथ यमुना किनारा हाथीघाट पर पल्लेदारी करने आए थे। ट्रांसपोर्ट कंपनी में माल उतारने के बाद बुधवार तड़के करीब चार बजे चारों घर लौट रहे थे। एत्माद्दौला के हाथरस रोड स्थित प्रकाश फैक्ट्री के पास चारों सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान वहां से निकलते किसी वाहन ने चारों को रौंद दिया। हादसे में गब्बर सिंह और बंशी की मौके पर मौत हो गई। अंशू और बॉबी गंभीर घायल हो गए। वहां से गुजरते राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया। उधर, श्रमिकों के मौत की खबर उनके घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया बंशी की शादी दो साल पहले हुई थी। उसके एक साल का बेटा है। इस मासूम के सिर से पिता का साया उठ जाने के बाद परिवारीजनों का दर्द से हाल बेहाल है। जवान बेटे की मौत के बाद उसके परिवार का गुजारा कैसे होगा, यह बड़ी चिंता है। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला कमलेश सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।  

chat bot
आपका साथी