थाने से लगी कॉलोनी में चोरों का धावा

न्यू आगरा के दो घरों में चोरों ने किया लाखों का माल साफ। तीन पहले स्थानीय लोगों ने डीएम से लगाई थी सुरक्षा की गुहार।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 21 Jul 2018 01:34 PM (IST) Updated:Sat, 21 Jul 2018 05:20 PM (IST)
थाने से लगी कॉलोनी में चोरों का धावा
थाने से लगी कॉलोनी में चोरों का धावा

आगरा(जागरण संवाददाता): शहर में पुलिस प्रशासन चाहे लाख सुरक्षा के दावे कर ले लेकिन पुलिस की नाक के नीचे ही बदमाश बेखौफ होकर अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं। शनिवार को न्यू आगरा थाने से सिर्फ सौ मीटर की दूरी पर स्थित न्यू आगरा कॉलोनी में चोरों ने दो कारोबारियों के घर धावा बोल लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। जबकि कॉलोनी वासियों ने जिलाधिकारी से तीन दिन पहले ही क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की थी।

मामले के अनुसार शुक्रवार देर रात न्यू आगरा कॉलोनी में बी-3 निवासी प्रवीण भाटिया और बी-11 निवासी राजेंद्र गुप्ता की कोठियों के चोरों ने ताले तोड़े।

प्रवीण भाटिया का संजय प्लेस में कारोबार है और उनकी बेटी सेंट पीटर्स कॉलेज में शिक्षिका हैं। रात में जब वे परिवार सहित सो रहे थे तो चोरों ने घर के मुख्य गेट से छलांग लगाकर खिड़की का जंगला निकाल लिया। घर में कैश रखा था, जिसे लेकर चोर फरार हो गए। इसके बाद चोरों ने राजेंद्र गुप्ता के घर को निशाना बनाया। राजेंद्र का ट्रांसपोर्ट नगर में तेल का कारोबार है। यहां चोरों ने पहले गेट के ताले तोड़े, फिर घर में दाखिल होकर लाखों के जेवरात उड़ा लिये। परिजन गहरी नींद में सो रहे थे। सुबह छह बजे जब कारोबारियों की आंख खुली तो ताले टूटे एवं खिड़की का जंगला निकला देखकर होश उड़ गए। जानकारी होने पर कॉलोनी के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कॉलोनी वालों ने बताया कि क्षेत्र में कोचिंग सेंटर और हॉस्पीटल काफी संख्या में खुल गये हैं, इससे कॉलोनी में अब हर तरह के लोगों का आना जाना लगा रहता है। दूसरा कॉलोनी के कई घरों में बिना वेरिफिकेशन लोग किराये पर रहते हैं। इन कारणों के चलते कॉलोनी में आपराधिक वारदातें बढ़ती जा रही हैं। तीन दिन पहले ही क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग को लेकर कॉलोनी निवासी जिलाधिकारी से मिले थे। पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाने के बाद भी वारदात हो गई, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

chat bot
आपका साथी