पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

बाह में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में नहीं पहुंचने पर एडीएम ने दिए निर्देश 20 शिकायतें आई राजस्व की महज एक शिकायत का हुआ समाधान

By JagranEdited By: Publish:Sun, 21 Nov 2021 06:00 AM (IST) Updated:Sun, 21 Nov 2021 06:00 AM (IST)
पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी
पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

जागरण टीम, आगरा। संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों के निस्तारण में अधिकारी दिलचस्पी नहीं ले रहे। यही वजह है कि फरियादियों को न्याय नहीं मिल पा रहा। शनिवार को बाह में हुए समाधान दिवस में अधिकारी नहीं पहुंचे। एडीएम सिविल सप्लाई ने दो खंड विकास अधिकारी, दो एसडीओ और एक थानाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस दिया है। उन्हें अपना पक्ष रखने को कहा गया है। यहां कुल आई 20 शिकायतों में महज एक का ही समाधान हो सका।

एडीएम सिविल सप्लाई जेएन सचान के निर्देशन में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस लगाया गया। यहां जैतपुर और पिनाहट के खंड विकास अधिकारी, बिजली और पीडब्ल्यूडी के एसडीओ और थानाध्यक्ष मनसुखपुरा नहीं पहुंचे। एडीएम ने इसे लापरवाही मानते हुए सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं कुल 20 शिकायतों में राजस्व विभाग की नौ, पुलिस की पांच, विद्युत की तीन, विकास-नलकूप की एक-एक व अन्य शिकायतें शामिल थीं। इनमें राजस्व की एक शिकायत का ही समाधान हुआ। इस मौके पर एसडीएम रजत वर्मा, तहसीलदार सर्वेश कुमार सिंह, सीओ रविद्र प्रताप सिंह, बीआरसी प्रभारी शैलेंद्र शर्मा, सतेंद्र उपाध्याय मौजूद रहे। डीएम की मौजूदगी में आई 62 शिकायतें, नौ का निस्तारण

जागरण टीम, आगरा। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह और एसएसपी सुधीर कुमार ने शनिवार को किरावली तहसील में जनसुनवाई की। यहां कुल 62 शिकायतें आई। इनमें नौ का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी समस्या के समाधान में गंभीरता बरतें। तय समय में ही समाधान कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। संपूर्ण समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व, पुलिस व स्वास्थ्य से संबंधित रहीं। इस मौके पर एडीएम अजय कुमार सिंह, एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता, एसडीएम अनिल कुमार सिंह, सीओ महेश कुमार, न्यायिक तहसीलदार कृष्ण मुरारी दीक्षित, नायब तहसीलदार सत्यप्रकाश मौजूद रहे। फतेहाबाद में आई 18 शिकायतें, समाधान किसी का नहीं

जागरण टीम, आगरा। एसडीएम जेपी पांडेय की अध्यक्षता में फतेहाबाद में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 18 शिकायतें आई। इनमें एक का भी समाधान नहीं हो सका। संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। यहां तहसीलदार मनोज कुमार, नायब तहसीलदार सौरभ कुमार, पूर्ति निरीक्षक रमाकांत सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. कैलाश चंद्र लोधी, सीएचसी के डा. प्रमोद कुशवाहा, वन क्षेत्राधिकारी सिकंदर सिंह लोधी, एसआइ विनोद कुमार वर्मा मौजूद रहे। एत्मादपुर में 40 में से छह शिकायतें निस्तारित

जागरण टीम, आगरा। सिटी मजिस्ट्रेट प्रतेंद्र पाल सिंह की अध्यक्षता में एत्मादपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 40 शिकायतें सुनी गई। सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग की 18, विकास विभाग की 12 और 10 अन्य विभागों से प्राप्त हुई। छह का निस्तारण किया गया। एसडीएम अंजनी कुमार, तहसीलदार ब्रह्मानंद कठेरिया, सीओ रवि कुमार गुप्ता, एसडीओ देवेंद्र सिंह, एडीओ पंचायत शैलेंद्र सिंह सोलंकी मौजूद रहे। खेरागढ़ में 23 शिकायतें आई, निस्तारण शून्य

जागरण टीम, आगरा। एडीएम यशोवर्धन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में खेरागढ़ में हुए समाधान दिवस में 23 शिकायतें आई। एक भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। एसडीएम प्रियंका सिंह, तहसीलदार प्रदीप कुमार मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी