सपा के गढ़ में एक होगा सैफई परिवार

आगरा: सपा के प्रधानमहासचिव रामगोपाल यादव का फीरोजाबाद में मनाया जाएगा जन्मदिन

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Jun 2018 12:04 PM (IST) Updated:Thu, 28 Jun 2018 12:23 PM (IST)
सपा के गढ़ में एक होगा सैफई परिवार
सपा के गढ़ में एक होगा सैफई परिवार

आगरा(डॉ. राहुल ¨सघई): विधानसभा चुनाव से पहले सूबे के सबसे बड़े सियासी परिवार में आई दूरियां लोकसभा चुनाव के पहले खत्म होने वाली हैं। 29 जून को शिकोहाबाद के रामलीला मैदान पर एकजुटता नजर आएगी। धरती पुत्र मुलायम ¨सह के साथ-साथ शिवपाल यादव और परिवार के सभी सदस्य प्रो. रामगोपाल यादव के 72 वें जन्मदिन के आयोजन में शामिल होंगे। इस दिन पूरे देश को परिवार की एकजुटता का संदेश दिया जाएगा।

उप्र में फीरोजाबाद को सपा का गढ़ माना जाता रहा है। शैक्षिक कैरियर बनाकर शिक्षक बनने से लेकर विस चुनाव में शिकोहाबाद मुलायम ¨सह की राजनैतिक जमीन बना। 1993 में शिकोहाबाद से मुलायम ¨सह यादव ने विस चुनाव जीता और मुख्यमंत्री बने। वहीं अखिलेश यादव पहली बार यहीं से सांसद बने। उसके बाद प्रो. रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव 2014 में भाजपा की लहर को तोड़ते हुए सांसद बने।

2017 विधानसभा चुनाव के ऐन पहले सपा में पारिवारिक कलह शुरू हुई। जो बिखराव तक पहुंची। उस वक्त प्रो. यादव और अखिलेश यादव के समर्थन में फीरोजाबाद के सपाई एकजुट हुए थे। इसके बाद चले सियासी दौर में रिश्तेदार तक बाहर कर दिए गए। इसके बाद परिवार के दोनों धड़ों में दूरियां लगातार बढ़ने की खबरें आती रहीं। शिवपाल यादव कई बार फीरोजाबाद भी आए और नई पार्टी बनाने की चर्चाएं चलीं।

परिवार के रिश्तों में जमीं बर्फ पिछले कुछ महीनों से पिघलने लगी थी। पिछले महीने प्रो. रामगोपाल के पोते के जन्मदिन में शिवपाल यादव पूरे परिवार के साथ शामिल हुए थे। इसके बाद प्रो. रामगोपाल यादव के जन्मदिन के आयोजन की भूमिका बनाई गई। शिकोहाबाद के रामलीला मैदान में हो रहे आयोजन को परिवार की एकजुटता दिखाने का माध्यम बनाया गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक आमंत्रण पहुंचते ही मुलायम ¨सह और शिवपाल ¨सह यादव ने आने की स्वीकृति दे दी है। आयोजकों के मुताबिक दोनों नेता 28 जून को सैफई पहुंचेंगे और 29 की सुबह वहां से शिकोहाबाद आएंगे।

मौजूद रहेंगी तीन पीढि़यां

पहली बार इस तरह से मनाए जा रहे प्रो. यादव के जन्मदिन में सैफई परिवार की तीन पीढि़यां मौजूद रहेंगी। मुखिया मुलायम के साथ दूसरी पीढ़ी के सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद अक्षय यादव और तीसरी पीढ़ी के सांसद तेजप्रताप यादव होंगे। इसके साथ ही परिवार के सभी रिश्तेदार भी आयोजन में शामिल रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव परिवार के साथ विदेश यात्रा पर होने के कारण शामिल नहीं हो पाएंगे। अखिलेश यादव वैसे भी प्रो. रामगोपाल यादव के सबसे ज्यादा नजदीकी माने जाते हैं। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष रामगो¨वद चौधरी, पूर्व मंत्री अहमद हसन समेत अन्य नेताओं की सूचना आ चुकी है।

पूरे लोकसभा क्षेत्र को न्यौता, ताकत दिखाने की तैयारी

जन्मदिन का जलसा शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। प्रो. यादव के बेटे अक्षय यादव सांसद हैं। एक बार फिर से वे चुनावी मैदान में होंगे। जन्मदिन में पूरे लोकसभा क्षेत्र में न्यौते बांटे गए हैं। बताया गया है कि सवा दो लाख से ज्यादा लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए मिठाई बनना शुरू हो गई हैं। पार्टी के नेताओं का गुरुवार से पहुंचना शुरू हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी