प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री पर बोले रामगोपाल, कहा अब भाजपा को होगा नुकसान

एटा में बोले सपा के राष्ट्रीय महासचिव। कहा केंद्र सरकार राजनीतिक फायदे के लिए लाना चाहती है बजट। सपा-बसपा गठबंधन के बिना नहीं बनेगी नई सरकार।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 25 Jan 2019 06:06 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jan 2019 06:06 PM (IST)
प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री पर बोले रामगोपाल, कहा अब भाजपा को होगा नुकसान
प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री पर बोले रामगोपाल, कहा अब भाजपा को होगा नुकसान

आगरा, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस द्वारा प्रियंका गांधी को प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने से भाजपा को नुकसान होगा। सपा- बसपा गठबंधन पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। उत्तर प्रदेश में भाजपा लोकसभा चुनाव में कहीं भी नहीं टिक पाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लोकसभा चुनाव से पहले बजट लाना चाहती है, जबकि संवैधानिक रूप से बजट नई सरकार को लाना चाहिए।

शुक्रवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने एटा पहुंचे राज्यसभा सांसद ने कहा कि प्रियंका गांधी के आने से सपा- बसपा गठबंधन में कोई घबराहट नहीं है, बल्कि हम और ज्यादा मजबूत होकर उभरेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार लोकसभा चुनाव से पहले बजट लाकर जनता से लुभावने वायदे करना चाहती है, ताकि चुनाव में उसे लाभ मिल सके। जबकि चुनाव वर्ष में नई सरकार कोई ही बजट लाना चाहिए। एक बार भाजपा जनता के साथ धोखा करने के लिए फिर से तैयार है। लोगों को भाजपा की नीतियां भलीभांति समझ लेनी चाहिए। यह जो वायदे करते हैं उन्हें कभी पूरा नहीं करते, वरना तीन राज्यों में भाजपा की सत्ता नहीं छिनती।

2014 के लोकसभा चुनाव में जिन राज्यों में भाजपा को बहुतायत में सीटें मिलीं थीं, वहां अब दो- चार सीटों से ज्यादा नहीं आएंगी, क्योंकि जनता भाजपा सरकार से नाराज है। गरीब, किसानों, शोषितों के साथ छल किया गया है, कर्जमाफी के सब्जबाग दिखाए गए, लेकिन किसान आज भी रो रहे हैं। जो सरकारी योजनाएं लागू हुईं उनमें घोटाले हुए और सरकार उन्हें दबाती रही। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि लोकसभा उप चुनाव में सपा- बसपा गठबंधन को प्रचंड बहुमत से कुछ सीटों पर सफलता हासिल हुई। इसी तरह लोकसभा में भी यह गठबंधन परचम लहराएगा।

chat bot
आपका साथी