राज बब्बर ने जाना तूफान पीड़ितों का हाल, जमकर बरसे प्रदेश सरकार पर

आगरा: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर तूफान पीड़ितों का हाल जानने सोमवार को सुबह एसएन मेडिकल पहुंचे। इस दौरान वो प्रदेश सरकार पर भी जमकर बरसे।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 07 May 2018 11:18 AM (IST) Updated:Mon, 07 May 2018 11:18 AM (IST)
राज बब्बर ने जाना तूफान पीड़ितों का हाल, जमकर बरसे प्रदेश सरकार पर
राज बब्बर ने जाना तूफान पीड़ितों का हाल, जमकर बरसे प्रदेश सरकार पर

आगरा(जागरण संवाददाता) : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर तूफान पीड़ितों का हाल जानने सोमवार सुबह करीब सवा दस बजे एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। घायलों से मिलकर उन्होंने सांत्वना व्यक्त की और चिकित्सकों से उनके इलाज की जानकारी ली। इस दौरान वो प्रदेश सरकार पर भी जमकर बरसे। राज बब्बर ने कहा कि प्रदेश सरकार इस गंभीर आपदा के बाद भी पीड़ितों से मुआवजे के नाम पर छल कर रही है। पहले सहायता राशि का चेक एसडीएम देते हैं। फिर उपमुख्यमंत्री देते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री स्वयं आते हैं तो फिर वही चेक पीड़ित से लेकर उसे मुख्यमंत्री से दिलवाया जाता है। मुआवजा मिलता भी है तो कुल 5200 रुपये। उन्होंने कहा कि बहुत तबाही और बर्बादी हुई है। आपदा राजनीति का मुद्दा नहीं है, ये गंभीर समस्या है। सभी सामाजिक संगठनों और काग्रेस के लोगों को मिलकर तूफान पीड़ितों के पुनर्वास में मदद करनी चाहिए। प्रदेश में उपचुनाव पर राज बब्बर ने कहा कि जो प्रत्याशी भाजपा को हराएगा, उसको कांग्रेस का समर्थन दिया जाएगा। अन्य निर्णय कर्नाटक चुनाव के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गाधी लेंगे। जिन्ना मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ये भाजपा वालों की सोच है।

इसके बाद राजबब्बर खेरागढ़ के लिए रवाना हो गए। खेरागढ़ के कुकावर, नगला, विरजा, बघासोनिगा, बुरहरा आदि गांवों में भ्रमण कर तूफान में मृत लोगों के परिजनों से मुलाकात कर वे संवेदना व्यक्त करेंगे। दोपहर एक बजे वह फतेहाबाद तहसील के नया बांस, बिलईपुरा, बले का बांस, हिन्नेर जाएंगे। यहां भी वह तूफान में मृत लोगों के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना देंगे। शाम को वह सड़क मार्ग से दिल्ली रवाना होंगे।

chat bot
आपका साथी