आगरा में टैक्सटाइल व रेडीमेड गारमेंट हब बनाए जाने की संभावना, विधानसभा में रखा प्रस्ताव

आगरा उत्तर विधानसभा से विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने विधानसभा में उठाई मांग। समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा औरंगजेब के हैं अनुयायी। कोरोना के समय यह लोग घरों से नहीं निकले जबकि भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर लोगों की सहायता कर रहे थे।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 26 May 2022 08:58 AM (IST) Updated:Thu, 26 May 2022 08:58 AM (IST)
आगरा में टैक्सटाइल व रेडीमेड गारमेंट हब बनाए जाने की संभावना, विधानसभा में रखा प्रस्ताव
विधायक पुरुषाेत्तम खंडेलवाल ने विधानसभा में आगरा में टैक्सटाइल और गारमेंट हब बनाए जाने का प्रस्ताव रखा है।

आगरा, जागरण संवाददाता। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने विधानसभा में आगरा में टैक्सटाइल हब व रेडीमेड गारमेंट हब बनाने की मांग उठाई है। आगरा में कपड़े के थाेक और रेडीमेड कारोबार की वर्तमान स्थिति को सामने रखते हुए उन्होंने कहाकि यदि इस कारोबार को प्रोत्साहन मिले तो हम सूरत से कम नहीं रहेंगे। साथ ही उन्होंने सपा पर तीखा हमला बोलते हुए उसे अकबर और औरंगजेब का अनुयायी बताया।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने विधानसभा में कहा कि 70 वर्षों में कांग्रेस व सपा के लोगों ने नागरिक सुविधाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया। पांच वर्षों में योगी सरकार ने आगरा की जनता को गंगाजल उपलब्ध कराया। आगरा में जितनी सीवर लाइन व पाइप लाइन पड़ी हैं, उतनी 71 वर्ष के आगरा के इतिहास में नहीं पड़ी हैं। आगरा की जनता ने नौ में से अधिकांश सीटों पर सपा प्रत्याशियों की जमानत जब्त इसलिए करा दी, क्योंकि भाजपा ने आगरा में विकास की गंगा बहाई थी। सपा पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि सपा नेताओं ने कोरोना काल में जनता को बर्बाद करने की साजिश रची थी। जनता से वैक्सीन नहीं लगवाने को कहा था। कोरोना के समय यह लोग घरों से नहीं निकले, जबकि भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर लोगों की सहायता कर रहे थे।

विधायक धर्मेश ने उठाया उखर्रा माइनर का मामला

विधायक डा. जीएस धर्मेश ने राजाराम की बगिया से बीच का उखर्रा तक सिंचाई विभाग की खुली नहर का मुद्दा विधानसभा में उठाया। विधायक ने कहा कि यह नहर घनी आबादी के बीच से गुजरती है। इससे आएदिन दुर्घटना होती रहती है। नहर में पानी नहीं है और उसके दोनों किनारे पूरी तरह टूट गए है। मच्छर व गंदगी का आलम है। नहर के दोनों किनारे पक्का कर उसे बड़े स्लैब से ढका जाए या बड़े पाइप डालकर समस्या का समाधान कराया जाए। लोक महत्व की समस्या के समाधान के प्रस्ताव को सरकार ने स्वीकार कर लिया है। 

chat bot
आपका साथी