फतेहपुर सीकरी में आई तेज आंधी, झोंपड़ी पर टूटकर गिरा पीपल का पेड़, तीन की मौत

गुरुवार दोपहर बाद आई तेज आंधी में हुआ हादसा। हादसे में एक किशोर हुआ घायल अस्पताल में कराया भर्ती। एसडीएम विनोद जोशी ने दैवीय आपदा से आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने का आश्वासन दिया है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 05:06 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 05:06 PM (IST)
फतेहपुर सीकरी में आई तेज आंधी, झोंपड़ी पर टूटकर गिरा पीपल का पेड़, तीन की मौत
फतेहपुरसीकरी में गुरुवार आई आंधी से झोपड़ी पर गिरा पेड़।

आगरा, जागरण संवाददाता। फतेहपुर सीकरी में गुरुवार दोपहर आई तेज आंधी में एक पीपल का पेड़ टूटकर झोंपड़ी पर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आकर दंपती समेत तीन की मौत हो गई। जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। जेसीबी से पेड़ को हटवाकर सभी को झोंपड़ी से बाहर निकाला गया।

फतेहपुर सीकरी में दोपहर डेढ़ बजे तपती धूप के बीच आसमान में बादल छा गए और तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। करीब दस मिनट तक चली इस आंधी की चपेट में आकर गांव खेड़ा कौरई में जुड़वां पीपल का पेड़ भरभराकर खेत पर बनी एक झोपड़ी के ऊपर गिर पड़ा। इसके नीचे 55 वर्षीय किसान धनीराम, उनकी पत्नी 50 वर्षीय रामा देवी और पड़ोसी किसान प्रेम सिंह व उनका 12 वर्षीय बेटा पातीराम दब गए। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण पहुंच गए। पेड़ को हटाने की कोशिश की। पेड़ भारी होने के कारण वे उसे डिगा भी नहीं सके।

सीओ अछनेरा महेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जेसीबी से पेड़ को हटवाकर उसके नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला। तब तक धनीराम, रामा देवी और प्रेम सिंह की मौत हो गई। पातीराम को हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। एसडीएम विनोद जोशी ने दैवीय आपदा से आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही कृषि भूमि होने पर किसान दुर्घटना बीमा की अलग से कार्रवाई करने की बात भी कही।

chat bot
आपका साथी