गुरु दीक्षा में 'नो पॉलीथिन' का संकल्प

गुरु पूर्णिमा पर पूजन के समय दुनियाभर से आने वाले शिष्यों को दिलाया जाएगा संकल्प। साध्वी ऋतंभरा, सुतीक्ष्णदास महाराज, देवकीनंदन ठाकुर व अन्य कराएंगे पॉलीथिन का बहिष्कार।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 18 Jul 2018 05:24 PM (IST) Updated:Wed, 18 Jul 2018 05:24 PM (IST)
गुरु दीक्षा में 'नो पॉलीथिन' का संकल्प
गुरु दीक्षा में 'नो पॉलीथिन' का संकल्प

आगरा(विपिन पाराशर): पॉलीथिन से पर्यावरण को होने वाली हानि रोकने के लिए अब धर्माचार्य आगे आए हैं। गुरु पूर्णिमा पर पहली बार गुरु शिष्यों को दीक्षा के साथ पॉलीथिन इस्तेमाल न करने का संकल्प दिलाएंगे। जो भक्त यह नहीं करेंगे, उन्हें दीक्षा नहीं दी जाएगी।

देश के विख्यात संतों ने बांकेबिहारी की नगरी वृंदावन को अपनी साधना शक्ति के जरिए संवारा है। अब उनके सामने ही यमुना की हालत खराब है और ब्रज की रज लोगों को बीमार कर रही है। इसकी बड़ी जिम्मेदार पॉलीथिन है। पूरे प्रदेश में पॉलीथिन पर सरकार ने रोक लगा दी है, जिसे भारी समर्थन मिल रहा है। वात्सल्य ग्राम की अधिष्ठाता साध्वी ऋतंभरा ने इस साल अपने शिष्यों को पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पॉलीथिन का प्रयोग न करने की अपील की है। गुरु पूर्णिमा पर आने वाले शिष्यों को भी वे दीक्षा के साथ पॉलीथिन न प्रयोग करने का संकल्प दिलाएंगी। साध्वी ऋतंभरा के देश-विदेश में लाखों भक्त हैं, जो गुरु पूर्णिमा पर वात्सल्य ग्राम आएंगे।

रामानंदीय संप्रदाय के सुदामा कुटी आश्रम के महंत सुतीक्ष्णदास महाराज कहते हैं कि उनके आश्रम में और शिष्यों में पहले से ही पॉलीथिन न प्रयोग करने का संकल्प लिया जा चुका है। गुरुपूर्णिमा पर जो भक्त दीक्षा लेंगे उन्हें भी पॉलीथिन का प्रयोग न करने का संकल्प दिलाया जाएगा।

महामंडलेश्वर भाष्करानंद ने कहा कि पर्यावरण की बेहतरी को वे हमेशा हिमायती रहे हैं। अब निर्णय लिया है कि इस साल वे गुरु पूर्णिमा पर अपने शिष्यों से पॉलीथिन का प्रयोग न करने का संकल्प भी लेंगे। गुरु दरबार में लिए इस संकल्प का असर दूर तक जाएगा।

भागवत प्रवक्ता देवकीनंदन ठाकुर देश-विदेश में सनातन संस्कृति का पताका फहरा रहे हैं। लाखों भक्त हर साल गुरु पूजन को आते हैं। वह भी इस साल भक्तों को पॉलीथिन न प्रयोग करने का संकल्प दिलाने का फैसला ले चुके हैं।

chat bot
आपका साथी