Taj Mahal: कोरोना काल के 50 दिन में 1.24 लाख पर्यटकों ने निहारा ताजमहल, विदेशी नहीं आए हजार भी

Taj Mahal 188 दिन की बंदी के बाद ताजमहल व आगरा किला 21 सितंबर से खुले थे। सोमवार को ताजमहल खुलने के 50 दिन पूरे हो गए। कोरोना काल में भी ताजमहल का क्रेज सैलानियों में बरकरार रहा है।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Tue, 10 Nov 2020 09:13 AM (IST) Updated:Tue, 10 Nov 2020 09:13 AM (IST)
Taj Mahal: कोरोना काल के 50 दिन में 1.24 लाख पर्यटकों ने निहारा ताजमहल, विदेशी नहीं आए हजार भी
50 दिन में देशभर में ताजमहल देखने ही सर्वाधिक पर्यटक पहुंचे हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। कोराेना काल में 188 दिनों की बंदी के बाद ताजमहल खुले सोमवार को 50 दिन पूरे हो गए। 50 दिनों में 1.24 लाख से अधिक पर्यटकों ने ताजमहल के सौंदर्य को निहारा है। इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस के अभाव में विदेशी पर्यटकों का आंकड़ा एक हजार तक नहीं पहुंच सका है।

कोविड-19 के काल में ताजमहल समेत देशभर के स्मारकों को 17 मार्च को बंद कर दिया गया था। 168 दिनों की बंदी के आगरा में ताजमहल व आगरा किला को छोड़कर फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, मेहताब बाग, रामबाग, एत्माद्दौला, मरियम टाम्ब एक सितंबर को खुल गए थे। 188 दिन की बंदी के बाद ताजमहल व आगरा किला 21 सितंबर से खुले थे। सोमवार को ताजमहल खुलने के 50 दिन पूरे हो गए। कोरोना काल में भी ताजमहल का क्रेज सैलानियों में बरकरार रहा है। 50 दिन में देशभर में ताजमहल देखने ही सर्वाधिक पर्यटक पहुंचे हैं। देश में किसी अन्य स्मारक पर टिकट उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में पर्यटकों को परेशानी नहीं उठानी पड़ी है, जबकि ताजमहल में प्रत्येक वीकेंड पर यह स्थिति रही है।

एक भी दिन बुक नहीं हुए सभी टिकट

ताजमहल पर वीकेंड में दोपहर के स्लाट के सभी 2500 टिकट बुक होने से पर्यटकों को टिकट नहीं मिलने पर मायूस होकर लौटना पड़ा है, लेकिन अब तक एक भी दिन ऐसा नहीं रहा है, जब सभी पांच हजार टिकट बुक हुए हों। 25 नवंबर को सर्वाधिक 4709 पर्यटक ताज देखने पहुंचे थे, लेकिन उनमें 15 वर्ष तक के 750 बच्चे शामिल थे। अब तक एक नवंबर को सर्वाधिक 4178 टिकट बुक हुए थे। इस दिन 4510 पर्यटकों ने ताजमहल निहारा था, जिनमें 332 बच्चे थे।

पहली बार तय है पर्यटकों की संख्या

कोराेना काल में खुले स्मारकों में पहली बार कैपिंग लागू की गई है। ताजमहल में एक दिन में पांच हजार, आगरा किला में 2500 व अन्य स्मारकों में दो हजार टिकट ही एक दिन में बुक हो सकते हैं।

कितने आए पर्यटक

भारतीय वयस्क, 111644

विदेशी, 799

सार्क, 115

बच्चे, 11721

कुल, 124279 

chat bot
आपका साथी