महिलाओं ने दिखाया मंत्री को ग्राम विकास का आइना, जानिए कैसे?

-बिना शौचालय निर्माण के आवंटित दिखा दी धनराशि -राशन वितरण में भी व्यापक स्तर पर धांधली

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 Dec 2018 09:00 AM (IST) Updated:Sun, 09 Dec 2018 09:00 AM (IST)
महिलाओं ने दिखाया मंत्री को ग्राम विकास का आइना, जानिए कैसे?
महिलाओं ने दिखाया मंत्री को ग्राम विकास का आइना, जानिए कैसे?

आगरा, जागरण संवाददाता। ये आधी आबादी ताल्लुक तो गांव से रखती है, लेकिन जागरूकता के लिए मिसाल है। अकोला ब्लॉक की महिलाओं ने शनिवार को केंद्रीय ग्राम्य विकास राज्यमंत्री रामकृपाल यादव को भी ग्राम विकास का आइना दिखा दिया। महिलाओं के ताबड़तोड़ तथ्य देने पर मंत्री सिर्फ यह ही बोल सके, यह राजनीतिक भाषा है। महिलाओं ने उनके सामने शौचालय, राशन वितरण आदि ग्रामीण क्षेत्र की सुविधाओं में हो रहे घोटाले को रखा।

अकोला ब्लॉक के नानखेड़ा गांव की सावित्री के नेतृत्व में दर्जनभर महिलाएं ग्राम्य विकास मंत्री के आने की सूचना पर सुबह ही सर्किट हाउस पहुंच गईं। करीब छह घंटे इंतजार के बाद उन्हें अपराह्न चार बजे मंत्री से रूबरू होने का मौका मिला। महिलाओं के पास कई समस्याएं थीं और उनके सबूत भी। उन्होंने मंत्री को बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में तमाम शौचालय ऐसे हैं, जिनके सिर्फ गढ्डे ही खोदे गए हैं। उनका पूरा भुगतान कर दिया गया है। गांव भी ओडीएफ घोषित कर दिए गए हैं। इन गढ्डों में गिरकर कई लोग घायल भी हो चुके हैं। महिलाओं ने अपने फोन में सेव ऐसे फोटो भी दिखाए और उन्हें जांच कराने का आग्रह करने के साथ सूची भी सौंपी। इनमें कई महिलाओं ने राशन वितरण के दौरान कोटेदार द्वारा अभद्रता करने की भी शिकायत की। उन्होंने सड़क निर्माण में धांधली, स्कूलों में अव्यवस्थाओं के सबूत भी मंत्री के सामने रखे। महिलाओं ने यहां तक कह दिया कि यदि मंत्री जी गांव तक चलें तो उन्हें घोटाले साफ दिखाए जा सकते हैं। अपने विभाग की पोल खुलने पर मंत्री सिर्फ यह ही कह सके कि यह सियासी मामला प्रतीत होता है। इतना कहकर वह बैठक के लिए बढ़ गए।

chat bot
आपका साथी