Gram Panchayat Chunav: ताजनगरी के 180 गांवों में अभी थमा रहेगा विकास का पहिया, नहीं बनेगी सरकार

Gram Panchayat Chunav गांवों में निर्धारित ग्राम पंचायत सदस्यों की संख्या के सापेक्ष दो-तिहाई ग्राम सदस्य भी नहीं चुने जा सके हैं। इसके चलते इन गांवों में ग्राम पंचायत का गठन नहीं हो सकेगा। ऐसे में इन 180 गांवों में विकास कार्य लटके रहेंगे।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sat, 22 May 2021 02:32 PM (IST) Updated:Sat, 22 May 2021 02:32 PM (IST)
Gram Panchayat Chunav: ताजनगरी के 180 गांवों में अभी थमा रहेगा विकास का पहिया, नहीं बनेगी सरकार
180 गांवों में ग्राम पंचायत का गठन नहीं हो सकेगा।

आगरा, जागरण संवाददाता। पंचायत चुनाव संपन्न हो चुका है।अब शपथ ग्रहण का इंतजार है। शासन से किसी भी दिन शपथ ग्रहण की तारीखों की घोषणा हो सकती है। मगर, आगरा के 180 गांवों में सरकार का गठन नहीं हो सकेगा। इन गांवों में निर्धारित ग्राम पंचायत सदस्यों की संख्या के सापेक्ष दो-तिहाई ग्राम सदस्य भी नहीं चुने जा सके हैं। इसके चलते इन गांवों में ग्राम पंचायत का गठन नहीं हो सकेगा। ऐसे में इन 180 गांवों में विकास कार्य लटके रहेंगे।

जिले में 690 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें 9180 ग्राम पंचायत सदस्यों के पद हैं। इनमें से दो प्रधान सहित 6408 ग्राम पंचायत सदस्य मतदान से पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। शेष पदों के लिए 15 अप्रैल को मतदान हुआ।ग्राम पंचायत के सिर्फ 504 पदों के लिए नामांकन हुआ था। 2268 पदों पर कोई प्रत्याशी चुनाव ही नहीं लड़ा।इसके चलते ये पद रिक्त रह गए। नियमानुसार, किसी भी ग्राम पंचायत का गठन तब होगा, जब ग्राम पंचायत सदस्यों की निर्धारित संख्या में से कम से कम दो-तिहाई सदस्य चुने गए हों। जिले में ऐसी 180 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें मानक के अनुरूप सदस्य चुनकर नहीं आए हैं। इन गांवों में विकास कार्य फिलहाल थमे रहेंगे। जिला पंचायतराज अधिकारी सुजाता प्रकाश का कहना है कि जिन ग्राम पंचायतों में दो-तिहाई से कम सदस्य चुने गए हैं, उन ग्राम पंचायतों में तीन से छह महीने के बीच में फिर से चुनाव होगा। इससे पहले भी चुनाव की संभावना हो सकती है। निर्धारित संख्या के मुताबिक ही ग्राम पंचायत सदस्य होने के बाद ही ग्राम पंचायतों का गठन होगा। तब तक इन ग्राम पंचायतों के प्रधानों का भी शपथ ग्रहण नहीं होगा।

690 ग्राम पंचायतें हैं जिले में

9180 पद हैं ग्राम पंचायत सदस्य के

6408 पदों पर निर्विरोध हुआ चुनाव

504 पदों के लिए हुआ था मतदान

2268 पदों पर खड़े ही नहीं हुए प्रत्याशी 

chat bot
आपका साथी