ताजनगरी और सिडनी के मध्य साहित्य का संवाद सेतु बनाने निकले कवि अनिल

साढ़े तीन माह विदेशी भूमिपर करेंगे हिंदी भाषा व साहित्य का प्रचार प्रसार। इंडियन लिटरेरी एंड आर्ट सोसायटी करेगी स्वागत।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Jun 2018 04:54 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jun 2018 04:54 PM (IST)
ताजनगरी और सिडनी के मध्य साहित्य का संवाद सेतु बनाने निकले कवि अनिल
ताजनगरी और सिडनी के मध्य साहित्य का संवाद सेतु बनाने निकले कवि अनिल

आगरा(जागरण संवाददाता): विश्व धरोहर की नगरी आगरा में एतिहासिक इमारतों के अलावा भी बहुत कुछ है, जिसकी दुनिया कद्र करती है। ताजनगरी का साहित्य विश्वमंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में सदैव से ही आगे रहा है। इस बार शहर के कवि अनिल कुमार शर्मा ताजनगरी और सिडनी के मध्य साहित्य का संवाद सेतु बनाने ऑस्ट्रेलिया रवाना हुए हैं।

उप्र वित्तीय निगम से रिटायर्ड व जेसीस क्लब आगरा के पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ताज नगरी की छंदमुक्त काव्य धारा के प्रमुख कवि हैं। उनके प्रथम कविता संग्रह पाने खोने के बीच कहीं, को राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ कवियों व समीक्षकों की सराहना मिल चुकी है। विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं, मंचों, चैनल, वाट्सएप समूहों व फेसबुक पर हिंदी कविता की धारा बहाने के बाद वे अब साढे़ तीन माह के साहित्यिक प्रवास पर ऑस्ट्रेलिया गए हैं। ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पूर्व उन्होंने बताया कि वे विदेशी भूमि पर लगातार हिंदी भाषा व साहित्य का प्रचार प्रसार करेंगे। सिडनी व मेलबर्न के कवि-लेखकों से भेंट करेंगे। अपनी काव्य कृति उन्हें देंगे। वह अपनी कविताओं द्वारा दुनिया को इंसानियत और मानवता का संदेश देंगे। उन्होंने जानकारी दी कि भारत- ऑस्ट्रेलिया साहित्य संवाद संघ भी इस प्रवास के दौरान बनाया जाएगा, ताकि भारत व ऑस्ट्रेलिया के मध्य साहित्यिक सास्कृतिक संबध और भी मजबूत हो सकें। मीडिया समन्वयक कवि कुमार ललित के अनुसार सिडनी में इंडियन लिटरेरी एंड आर्ट सोसायटी ऑफ ऑस्ट्रेलिया की रेखा राजवंशी व पत्रकार दृश्या शर्मा कवि अनिल का स्वागत करेंगी। उनके साथ विभिन्न साहित्यिक आयोजनों की भूमिका निभाएंगी। अनिल शर्मा की साहित्यक यात्रा के लिए शहर के वरिष्ठ साहित्यकारों में उत्साह बना हुआ है।

chat bot
आपका साथी