इंटरसिटी एक्सप्रेस में पहले दिन 575 यात्रियों ने किया सफर

लंबे समय के बाद गुरुवार को कैंट और राजा मंडी स्टेशन पर रही यात्रियों की भीड़ 22 मार्च 2020 से बंद थी इंटरसिटी एक्सप्रेस

By JagranEdited By: Publish:Fri, 12 Feb 2021 06:53 AM (IST) Updated:Fri, 12 Feb 2021 06:53 AM (IST)
इंटरसिटी एक्सप्रेस में पहले दिन 575 यात्रियों ने किया सफर
इंटरसिटी एक्सप्रेस में पहले दिन 575 यात्रियों ने किया सफर

आगरा, जागरण संवाददाता। 10 माह के बाद गुरुवार को आगरा कैंट स्टेशन से दिल्ली के लिए आगरा-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन हुआ। पहले दिन ट्रेन में 575 यात्रियों ने सफर किया। ट्रेन के संचालन से यात्रियों ने राहत की सांस ली। वहीं लंबे समय के बाद गुरुवार को कैंट और राजा मंडी स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रही। 22 मार्च 2020 से इंटरसिटी एक्सप्रेस बंद थी।

कोरोना संक्रमण काल में 22 मार्च 2020 से आगरा-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन बंद था। लंबे समय से यात्री इंटरसिटी ट्रेन के संचालन की मांग कर रहे थे। आगरा रेल मंडल कार्यालय ने रेलवे बोर्ड को ट्रेन के संचालन की अनुमति के लिए पत्र लिखा था। इसके बाद रेलवे बोर्ड ने ट्रेन के संचालन की अनुमति प्रदान की। पहले दिन ट्रेन में आगरा कैंट और राजा मंडी स्टेशन से 575 यात्रियों ने सफर किया। इसमें कैंट स्टेशन से 478 और राजा मंडी से 97 यात्री बैठे। ट्रेन में आगरा से ही आधी सीटें भर गईं।

राजा की मंडी स्टेशन अधीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक यहां पर लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव है, ऐसे में कम यात्री ही स्टेशन पर आते हैं। मगर, इंटरसिटी ट्रेन के पहले दिन ही स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रही। किसी यात्री को परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। टिकट चेकिग के लिए दो अतिरिक्त टीटीई लगाए गए थे। सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिग कराई गई। इंटरसिटी एक्सप्रेस के चलने से आगरा के व्यापारियों व दैनिक यात्रियों को सुविधा होगी। सुबह 10 बजे तक दिल्ली पहुंचकर अपना काम निपटाकर शाम को वो इस ट्रेन से ही वापस आ सकेंगे।

chat bot
आपका साथी