किसानों को दाम, व्यापारियों को सम्मान और अयोध्या में श्रीधाम बनकर रहेगा: तोगडिय़ा

सर्व समाज चिंतन बैठक को किया डॉ. प्रवीण तोगडिय़ा ने संबोधित। कहा नौ फरवरी को करेंगे राजनीतिक पार्टी की घोषणा।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 18 Jan 2019 03:05 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jan 2019 03:05 PM (IST)
किसानों को दाम, व्यापारियों को सम्मान और अयोध्या में श्रीधाम बनकर रहेगा: तोगडिय़ा
किसानों को दाम, व्यापारियों को सम्मान और अयोध्या में श्रीधाम बनकर रहेगा: तोगडिय़ा

आगरा, जागरण संवाददाता। भाजपा और संघ की कभी इच्छा ही नहीं थी कि अयोध्या में राम मंदिर बने। सवा सौ करोड़ देशवासियों के साथ- साथ डॉ. तोगडिय़ा भी बहकावे में रहा। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब की बार देश में हिंदुओं की सरकार बनेगी और दूसरे दिन ही अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू होगा। मंच से यह ऐलान किया अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगडिय़ा ने।

शुक्रवार को शमसाबाद रोड स्थित श्रीराम चंद पैलेस सर्व समाज चिंतन बैठक को संबोधित करने के डॉ. तोगडिय़ा आगरा आए। यहां से  उन्होंने कहा कि वे नौ फरवरी को राजनीतिक पार्टी की घोषणा करने जा रहे हैं, जो देशभर के सभी जिलों से लोकसभा के चुनाव लड़ेगी। उन्होंने सरकार के मंदिर निर्माण के वादे पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि तीन तलाक और आरक्षण पर अध्यायदेश यदि आ सकता है तो राम मंदिर के लिए क्यों नहीं?

डॉ. तोगडिय़ा ने कहा कि यदि उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो किसानों का उत्पीडऩ नहीं होने दिया जाएगा। किसानों को दाम, व्यापारियों को सम्मान, युवाओं को काम और अयोध्या में भगवान राम का श्रीधाम बनाया जाएगा।

कश्मीर मुद्दे पर वे बोले कि कश्मीर से धारा 370 हटाने में थोड़ा समय लगेगा लेकिन सरकार के गठन के सात दिन के भीतर सेक्शन 35 ए को समाप्त कर दिया जाएगा।

देश काकोई भी व्यक्ति जम्मू- कश्मीर में जमीन खरीद सकेंगे। जिससे वहां पर महबूबा मुफ्ती की नहीं राम खिलावन (हिंदुओं) की सरकार बनेगी।

सरकार के गठन के बाद अल्पसंख्यकों का दर्जा समाप्त कर दिया जाएगा। यदि संप्रदाय विशेष के लोग जो देश में जनसंख्या बढ़ाने का काम कर रहे हैं अगर उनके यहां और जनसंख्या बढ़ी तो उनकी सरकारी सुविधाएं समाप्त कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि किसानों का कर्ज माफ होगा। इसके लिये पैसा जो वर्तमान प्रधानमंत्री अपने प्रचार और विदेश यात्राओं में खर्च कर रहे हैं उस पैसे को किसानों में बांटा जाएगा, ताकि उनका स्तर सुधर सके।

बैठक के बाद डॉ. तोगडिय़ा छलेसर के लिए रवाना हो गए। यहां धरने पर बैठे किसानों से वे मुलाकात करेंगे।

नहीं देखा कभी मोदी को चाय बेचते हुए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करते हुए डॉ. प्रवीन तोगडिय़ा ने कहा कि मोदी से 42 वर्षों से परिचय है। इतने वर्षों में कभी भी उन्हें चाय बेचते नहीं देखा। यदि किसी और ने देखा हो तो बताएं।

22 विधानसभाओं के लोगों ने किया चिंतन

अयोध्या में भव्य राम मंदिर की हुंकार और हिंदू एजेंडा तैयार करने के लिए अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगडिय़ा ने इस दौरान 22 विधानसभा क्षेत्रों से आए सर्व समाज के लोगों के साथ चिंतन किया।

डॉ. तोगडिय़ा सर्वसमाज को साथ जोड़कर सरकार को कानून बनाने के लिए बाध्य करने में जुटे हैं। इसके साथ ही वे किसान, मजदूर, युवाओं और व्यापारियों के हक की लड़ाई लडऩे की योजना बना चुके हैं। वे जल्द ही अपनी राजनीतिक पार्टी का गठन करने जा रहे हैं, जिसके लिए हिंदू एजेंडा तैयार कर रहे हैं। इस एजेंडे को वे सर्वसमाज के साथ मिलकर तैयार कर रहे हैं, जिसके लिए इसमें सर्व समाज के सक्रिय और प्रभावशाली 15-15 लोगों को हर विधानसभा क्षेत्र से आमंत्रित किया गया था।

chat bot
आपका साथी