अगर दुर्घटना में टूट गया है दांत तो फेंकेंं नहीं उसे, हो जाएगा फिक्स Agra News

नसों के साथ वापस जोड़े जा सकते हैं ऐसे दांत और सामान्‍य की तरह ही करते हैं काम। स्‍केलिंग से दूर हो सकता है दांतों का पीलापन।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 29 Nov 2019 12:24 PM (IST) Updated:Fri, 29 Nov 2019 12:24 PM (IST)
अगर दुर्घटना में टूट गया है दांत तो फेंकेंं नहीं उसे, हो जाएगा फिक्स Agra News
अगर दुर्घटना में टूट गया है दांत तो फेंकेंं नहीं उसे, हो जाएगा फिक्स Agra News

आगरा, जेएनएन। दुर्घटना में अगर दांत टूट जाता है तो उसे फेंके नहीं, इसे लेकर डॉक्टर के पास पहुंच जाएं। यह दांत फिक्स हो सकता है। सही तरह से ब्रश करने और सफाई रखने से दांत संबंधी बीमारियों की रोकथाम संभव है। दैनिक जागरण के हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में दंत रोग चिकित्सक डॉ. अनिल वर्मा ने पाठकों के दांतों की समस्‍या से संबंधित सवालों के जवाब दिए।

सवाल : दुर्घटना में दांत टूट गया था, यह ठीक हो सकता है।

जवाब : दुर्घटना में दांत टूट जाने पर उसे फेंके नहीं, पानी से साफ कर लें और जल्द से जल्द दंत रोग चिकित्सक को दिखा लें। टूटे दांत को नस सहित फिक्स किया जा सकता है। यह सामान्य दांत की तरह ही काम करता है।

सवाल : दांत पीले हो गए हैं, ब्रश करने पर साफ नहीं हो रहे हैं।

जवाब : दांतों पर मैल जमने से यह समस्या हो सकी है, स्केलिंग से दांत साफ हो जाते हैं, दांत सुंदर दिखें, इसके लिए ब्लीचिंग भी करा सकते हैं।

सवाल : मसूड़ों में बदबू आती है और सूजन आ गई है।

जवाब : यह गंदगी जमा होने के बाद संक्रमण फैलने से होता है। दिन में दो बार ब्रश करें। नमक और गर्म पानी से दिन में दो बार गरारे करें।

सवाल : दांत में दर्द और सनसनाहट होती है।

जवाब : दांत में कीड़ा लगने से ऐसा होता है, जांच करा लें। ऐसे केस में रूट कैनाल थैरेपी की जाती है। इससे यह ठीक हो जाता है।

सवाल : 12 साल का बच्चा है, जीभ के नीचे दांत निकल आया है।

जवाब : दूध का दांत टेढ़ा होने पर ऐसा लगता है कि जीभ के नीचे निकल आया है, दांत को निकलवा लें।

सवाल : दांतों में कीड़ा लग गया है।

जवाब : गर्म पानी से दांत साफ करें, जांच करा लें।

सवाल : मसूड़े खुलते जा रहे हैं। दर्द रहता है।

जवाब : यह दांतों में संक्रमण से होता है, इसमें कुछ दवाएं दी जाती हैं, इससे यह ठीक हो सकता है।

सोने से पहले दो साल तक के बच्चों के दांत कर दें साफ

अक्सर बच्चों को सोते समय बोतल से दूध पिलाया जाता है, इससे रेम्पेंट कैरीज हो जाती है। आगे के दांत खत्म हो जाते हैं। इससे बचने के लिए सोने से पहले बच्चे को दूध पिला दें और मुलायम कपड़े से दांत साफ कर दें।

लेजर से दांत और मुंह की बीमारियों का इलाज

तंबाकू का सेवन करने से मुंह खुलना बंद हो जाता है, ऐसे केस में लेजर ट्रीटमेंट दिया जाता है। इससे मुंह खुलने लगता है। मसूड़ों का हिस्सा बढ़ गया है तो उसे भी लेजर से ठीक किया जा सकता है।

दिखाई नहीं देते लिंगुअल ब्रेसिज

दांत टेढ़े होने पर ब्रेसिज लगाए जाते हैं, यह बाहर से दिखाई देने लगते हैं। ऐसे में लिंगुअल ब्रेसिज लगाए जाने लगे हैं, यह दांत के अंदर के हिस्से में लगाए जाते हैं और बाहर से दिखाई नहीं देते हैं।  

chat bot
आपका साथी