आगरा में सीएम योगी बोले, दलितों ने रचे सब ग्रंथ

तय समय से महज पांच मिनट देरी से पहुंचे सीएम। रहेगा बसपा में सेंध लगाने पर जोर। मिशन-2019 का बनेगा रोडमैप।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 21 Oct 2018 12:50 PM (IST) Updated:Sun, 21 Oct 2018 12:56 PM (IST)
आगरा में सीएम योगी बोले, दलितों ने रचे सब ग्रंथ
आगरा में सीएम योगी बोले, दलितों ने रचे सब ग्रंथ

आगरा (जेएनएन)। भाजपा अनुसूचित मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की संस्कृति के विकास में दलितों का योगदान महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए कहा कि भारत की अजेय यात्रा को बनाए रखने में वे सभी के सहयोग से सफल हुए हैं। सभी को अपनी परंपरा पर गर्व की अनुभूति होनी चाहिए। यदि देश की परंपरा को आगे बढ़ाना है तो इतिहास के पन्ने पलटने होंगे। सभी वेद और ग्रंथ दलित ऋषियों ने ही रचे। उन्होंने आगे कहा कि महाभारत जैसा सबसे बड़ा ग्रंथ वेदव्यास ने लिखा, वह भी अनुसूचित जाति से ही आते हैं। वहीं रामायण वाल्मिकी ने रची। संत रविदास को कौन विस्मृत कर सकता है। मुख्यमंत्री ने जातियों से ऊपर उठकर बात करते हुए अंत:कर्ण के शुद्ध होने की बात कही। उन्होंने आगे कहा कि सैंकड़ों वर्ष की गुलामी में अनगिनत बलिदान हुए। बाबा साहब आंबेडकर के योगदान को कोई नहीं भेल सकता। जब राष्ट्र संकट आया तो देश के इस महापुरुष ने देश को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया। भाजपा को अनुसूचित जाति का हितैषी बताते हुए सीएम बोले कि भाजपा ऐसा दल है जहां सबसे ज्यादा अनुसूचित जाति के सांसद, विधायक, एमएलसी और पार्षद हैं। भाजपा उनका हक दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी के प्रयास से बाबा साहब आंबेडकर को सम्मान मिला। तो वहीं बाबा साहब से जुड़े पांच बड़े स्थलों को विकसित करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। इन स्थलों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया गया। उन्होंने बसपा पर परोक्ष रूप से हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग बाबा साहब के नाम पर अपनी दुकान चला रहे हैं, उनसे पूछा जाए कि क्या कभी उन्होंने पंच तीर्थ की सुध ली? अपनी बात आगे बढ़ाते हुए सीएम योगी बोले कि सही मायने में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य पीएम मोदी ने ही किया है। पहले सौ रुपये में दस रुपये का ही लाभ मिलता था, वहीं आज पीएम मोदी ने टेक्नोलॉजी का प्रयोग कर गरीब के खाते में पूरे 100 रुपये भेजने की व्यवस्था की है। 

केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम योगी बोले कि प्रधानमंत्री आवास योजना में 2022 तक हर गरीब को एक- एक आवास दिया जाएगा। 31 अक्टूबर तक गांव में 11 लाख और शहर में छह लाख आवास बन चुके होंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत डेढ़ साल में गरीब को शौचालय दिए। प्रदेश में एक करोड़ 46 लाख शौचालय बनवाए गए, जोकि प्रधानमंत्री मोदी की दूर दृष्टि से ही संभव हो सका। रसोई गैस से सबसे ज्यादा अनुसूचित जाति और जनजाति को ही लाभ मिला। प्रदेश में 90 लाख अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग को इस योजना का लाभ मिला। आयुष्मान भारत योजना में 50 करोड़ परिवारों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के छात्रों तक छात्रवृति नहीं पहुंच पाती थी। भाजपा सरकार ने दो वर्ष की छात्रवृति एक साथ दी। पिछली सरकार में 86 करोड़ की छात्रवृति ही मिलती थी लेकिन भाजपा सरकार में 144 करोड़ छात्रवृति दी जा रही है। उन्होंने भाजपा सरकार की निष्पक्षता पर कहा कि सरकार ने जाति देखे बिना जनता को सुविधाएं पहुंचाई हैं। जबकि पिछली सरकार ने सिर्फ अपने परिजनों की ही सुध ली थी, उन्हें ही सभी लाभ पहुंचाए जाते थे। इसका परिणाम आज देश भुगत रहा है।
फतेहाबाद रोड स्थित पल्र्स रिसोर्ट में आयोजित बैठक में हो रही बैठक को सीएम संबोधित कर रहे थे। उनके साथ बैठक में प्रदेश के एक दर्जन से अधिक मंत्री, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे सहित 665 पदाधिकारी भी भाग ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह बैठक मिशन 2019 पर केंद्रित रहने की संभावना है। अनुसूचित जाति का गण कहे जाने वाले आगरा में बसपा को बहुत बड़ा वोट बैंक है। बैठक के माध्यम से इसी वोट बैंक में सेंध करने की रणनीति भी तैयार की जाएगी। साथ ही लोकसभा चुनाव में फतह की रणनीति भी तय होगी।
बैठक में केंद्र व प्रदेश सरकार की एससी के हित में लागू योजनाओं के प्रचार-प्रसार का निर्णय लिये जाने की भी संभावना है। पार्टी बूथ कमेटियों में एससी की भागीदारी पहले ही तय कर चुकी है, लेकिन भागीदारी कैसे सुनिश्चित हो? इस बारे में भी मंथन किया जा रहा है। बसपा से अनुसूचित वर्ग को अलग करने की रणनीति भी तय की जा सकती है।

एक दिन पहले ही पहुंच गए थे पदाधिकारी
प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होने के लिए पूरे प्रदेश से कार्यसमिति सदस्य और मोर्चा पदाधिकारी शनिवार रात ही पहुंच गए थे। भाजपा नेताओं के कारण शहर में होटल फुल हो गए। इसको देख पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। रविवार को सुबह से समिति सदस्य और मोर्चा पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके थे।


 कार्यसमिति का यह है आगे का कार्यक्रम
सीएम योगी के भाषण के बाद संगठन महामंत्री सुनील बंसल अनुसूचित मोर्चा की आगामी कार्ययोजना बताएंगे। आधा घंटे के भोजन अंतराल के बाद अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल का संबोधन। द्वितीय सत्र में राजनीतिक प्रस्ताव होंगे। चार बजे समापन सत्र प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय करेंगे।

chat bot
आपका साथी