Agra Weather Forecast: ताजनगरी की बारिश होने से गलन का दौर, आज भी बूंदाबांदी की संभावना

Agra Weather आगरा में रविवार सुबह पूरे शहर में छाया रहा कोहरा। बादलों ने डाला डेरा और रुक-रुककर हो रही है बूंदाबांदी। सर्द हवाओं के बीच सुबह 11 बजे तक धूप गायब। न्‍यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्‍य से नीचे पहुंचे।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 03 Jan 2021 10:55 AM (IST) Updated:Sun, 03 Jan 2021 10:55 AM (IST)
Agra Weather Forecast: ताजनगरी की बारिश होने से गलन का दौर, आज भी बूंदाबांदी की संभावना
ताजमहल पर रविवार सुबह सैलानी कुछ अंदाज में नजर आए।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में पड़ रही जोरदार सर्दी के बीच बारिश और सितम ढहा रही है। शनिवार से शुरू हुई बूंदाबांदी रविवार को भी जारी है। सुबह बादल छाए रहे और आसमान में गड़गड़ाहट भी हो रही। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते छह जनवरी तक बूंदाबांदी होती रहेगी। इधर रविवार को अधिकतम और न्‍यूनतम तापमान में वृद्धि होगी लेकिन दोनों के बीच का अंतर कम रह जाने से गलन का अहसास होगा।

आगरा में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। हाईवे पर वाहन रेंग रेंग कर चले। इधर सर्द हवाओं के चलते अब हाड़ कंपाने वाले सर्दी पड़ने लगी है। सुबह 10 बजे तक धूप नहीं निकली है। सुबह नौ बजे का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हीटर का सहारा लिया जा रहा है।

इससे पहले सर्दी में शनिवार को सावन जैसा मौसम हो गया। सुबह बूंदाबांदी के बाद बादल छा गए थे। रुक रुक कर बूंदाबांदी होती रही। शाम को सर्द हवा चलने लगी। हालांकि, न्यूनतम तापमान में बढोत्तरी हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। दयालबाग, कमला नगर, सिकंदरा, यमुना पार, अर्जुन नगर, ताजगंज सहित अधिकांश क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। इसके बाद बादल छा गए। सुबह 12 बजे एमजी रोड पर बूंदाबांदी हुई, दोपहर 1.30 बजे कुछ देर के लिए बादल छट गए। 2.30 बजे के बाद दोबारा बादल छा गए, दिल्ली गेट, संजय प्लेस सहित कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। शाम को सर्द हवा चलने लगी। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य छह डिग्री सेल्सियस से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य 23 डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस कम 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बूंदाबांदी

दयालबाग शिक्षण संस्थान के पर्यावरण वैज्ञानिक डा रंजीत कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान में दबाव कम होने से बूंदाबांदी हुई है। छह जनवरी तक इसी तरह का मौसम रह सकता है, तेज बारिश भी हो सकती है। सात जनवरी से बादल छट जाएंगे और धूप निकलेगी।

अदरक और शहद का करें सेवन

आयुर्वेदिक चिकित्सक डा कविता गोयल ने बताया कि सर्दी के मौसम में अदरक और शहद ले सकते हैं। काली मिर्च तुलसी, दालचीनी, गिलोए अश्वगंधा का काढा बनाकर पी सकते हैं। यह भी अच्छा रहता है। च्यवनप्राश का इस्तेमाल करें, इससे प्रतिरोधक क्षमता बढती है। गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें, गर्म कपडे पहनें और सर्दी से बचें।

बुजुर्गों का बढ सकता है ब्लड प्रेशर

सर्दी में ह्रदय को रक्त की आपूर्ति करने वाली धमनियां सिकुड जाती हैं, इससे ब्लड प्रेशर बढने लगता है। एसएन मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के डा मृदुल चतुर्वेदी ने बताया कि ह्रदय और मधुमेह रोगी सर्दी से बचाव करें, डाक्टर से परामर्श लेकर ब्लड प्रेशर की डोज एजस्ट करा लें।

बच्चों को निमोनिया का खतरा

इस मौसम में बच्चों को निमोनिया का खतरा सबसे अधिक रहता है। एसएन मेडिकल कालेज के बाल रोग विशेषज्ञ डा नीरज यादव ने बताया कि इस मौसम में बच्चों को सर्दी से बचाएं, सर्दी जुकाम होने के साथ बच्चों की पसली चलने लग जाती है। इसके लिए डाक्टर से परामर्श ले लें। आइसक्रीम सहित ठंडे पेय पदार्थ ना दें।

धूप निकलने पर ही टहलने जाएं अस्थमा रोगी

एसएन मेडिकल कालेज के टीबी एंड चेस्ट डिपार्टमेंट के अध्यक्ष डा. संतोष कुमार ने बताया कि इस मौसम में अस्थमा, क्रानिक आब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज सीओपीडी और सांस संबंधी बीमारियों से पीडित मरीजों की सांस फूलने लगती है। गंभीर हालत में मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराना पड रहा है। इससे बचने के लिए सांस संबंधी बीमारी से पीडित मरीज धूप निकलने पर ही टहलने जाएं। दवा नियमित लेते रहें।

तापमान 2 जनवरी

अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस

न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस

एक जनवरी

अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस

न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस

31 दिसंबर 2020

अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस

न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस

30 दिसंबर 2020

अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस

न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस

chat bot
आपका साथी