कानपुर की ओर जा रहे हैं तो ध्‍यान, गर्डर चढ़ाने के लिए तीन घंटे बंद रहेगा नेशनल हाईवे

आज या फिर कल शाहदरा फ्लाईओवर पर चढ़ेगा गर्डर एनएचएआइ आगरा खंड ने शुरू की तैयारी।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 20 Mar 2020 09:28 AM (IST) Updated:Fri, 20 Mar 2020 09:28 AM (IST)
कानपुर की ओर जा रहे हैं तो ध्‍यान, गर्डर चढ़ाने के लिए तीन घंटे बंद रहेगा नेशनल हाईवे
कानपुर की ओर जा रहे हैं तो ध्‍यान, गर्डर चढ़ाने के लिए तीन घंटे बंद रहेगा नेशनल हाईवे

आगरा, जागरण संवाददाता। निर्माणाधीन शाहदरा फ्लाईओवर पर गर्डर चढ़ाने के चलते नेशनल हाईवे-19 (आगरा से फीरोजाबाद लेन) तीन घंटे के लिए बंद रहेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) आगरा खंड ने तैयारी शुरू कर दी है। ट्रैफिक पुलिस से शुक्रवार या फिर शनिवार की अनुमति मांगी गई है। यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

नेशनल हाईवे, आगरा से इटावा खंड को छह लेन किया जा रहा है। इसी के तहत शाहदरा पर फ्लाईओवर बन रहा है। इससे गल्ला मंडी के सामने और उसके आसपास जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। यह कार्य 31 जुलाई तक पूरा होगा। गुरुवार को निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर दो गर्डर चढ़ाए गए। अब तक पांच गर्डर चढ़ाए जा चुके हैं। फ्लाईओवर में कुल तीन स्पॉन हैं। नेशनल हाईवे की तरफ पडऩे वाले स्पॉन पर गर्डर रखा जाना है। हाईवे पर दो से तीन बड़ी क्रेन खड़ी होंगी। ऐसे में नेशनल हाईवे, आगरा से फीरोजाबाद लेन को तीन घंटे के लिए बंद रखना होगा। पुलिस-प्रशासन से इसकी अनुमति मांगी गई है। इस दौरान वाहनों को कालिंदी विहार, रामबाग होते हुए गुजारा जाएगा।

गल्ला मंडी से पूर्व बनेगी अस्थाई दीवार

एनएचएआइ आगरा खंड की टीम गल्ला मंडी, फीरोजाबाद रोड से पूर्व सर्विस व हाईवे को बंद कर देगी। काम पूरा होने के बाद ही इसे चालू किया जाएगा। हालांकि क्षेत्रीय लोगों को दिक्कत न हो, इसके लिए उन्हें गल्ला मंडी से पहले तक जाने की अनुमति होगी लेकिन ट्रक, बस सहित अन्य भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। उधर, फीरोजाबाद से आगरा की लेन पर कोई व्यवधान नहीं होगा।

40 टन वजनी है गर्डर

एक स्पॉन पर आठ गर्डर रखे जाएंगे। यानी कुल 24 गर्डर रखे जाएंगे। इसमें 15 से 20 दिन लगेंगे। एक गर्डर का वजन 40 टन, लंबाई 16 मीटर, चौड़ाई एक मीटर और ऊंचाई दो मीटर है।  

chat bot
आपका साथी