ताज में नमाज के लिए सभी को मिले प्रवेश

आगरा, जागरण संवाददाता: ताज में स्थानीय लोगों को छोड़कर बाहर से आने वालों को नमाज के प्रवेश से रोकने का विरोध शुरू हो गया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 16 Mar 2018 08:38 PM (IST) Updated:Fri, 16 Mar 2018 08:38 PM (IST)
ताज में नमाज के लिए सभी को मिले प्रवेश
ताज में नमाज के लिए सभी को मिले प्रवेश

जागरण संवाददाता, आगरा: ताज में स्थानीय लोगों को छोड़कर बाहर से आने वालों को नमाज के लिए प्रवेश नहीं दिए जाने का विरोध शुरू हो गया है। शुक्रवार को नमाज के बाद ताजमहल मस्जिद इंतजामियां कमेटी के बैनर तले जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। कमेटी ने नमाज के लिए सभी को प्रवेश देने और दक्षिणी गेट शुक्रवार को खोले जाने की मांग उठाई।

ताज साप्ताहिक बंदी के चलते शुक्रवार को बंद रहता है। इस दिन नमाजियों को ही प्रवेश दिया जाता है। इसकी आड़ में पर्यटकों को भी स्मारक में प्रवेश करा दिया जाता था। इसे देखते हुए डीएम गौरव दयाल ने आगरा के निवासियों को छोड़कर बाहरी लोगों को नमाज के लिए प्रवेश नहीं दिए जाने का आदेश किया था। इसी बीच ताज के दक्षिणी गेट से सैलानियों का प्रवेश भी बंद कर दिया गया। इससे लोगों में रोष है। शुक्रवार को नमाज के उपरांत ताजमहल मस्जिद इंतजामियां कमेटी के बैनर तले पश्चिमी गेट से जुलूस निकाला गया, जो पुरानी मंडी चौराहा, माल रोड होते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के सर्किल ऑफिस पहुंचकर संपन्न हुआ। सहायक अधीक्षण पुरातत्वविद आरके सिंह को ज्ञापन सौंपा गया।

कमेटी के अध्यक्ष सैयद इब्राहिम हुसैन जैदी ने कहा कि ताज में जो नमाज पढ़ने आ रहा है, उसे केवल नमाजी के तौर पर देखा जाए। दक्षिणी गेट को शुक्रवार को नमाजियों के लिए खोला जाए। उन्होंने शाहजहां के उर्स (12 से 14 अप्रैल) के दौरान जायरीनों और 16/17 मई से शुरू होने जा रहे रमजान के दौरान शाम को होने वाली तराबी के लिए दक्षिणी गेट खोले जाने की मांग की। कमेटी ने ऐसा नहीं होने पर प्रत्येक शुक्रवार को जुलूस निकालने की बात कही है।

chat bot
आपका साथी