Violation of CoronaVirus Protocol: आगरा के आटो में उड़ रही कोविड नियमों की धज्जियां

Violation of CoronaVirus Protocol बैठने वालों की लापरवाही बैठाने वाले कर रहे मनमानी। शारीरिक दूरी का नहीं हो रहा पालन अधिकतर नहीं लगा रहे मास्क। बैठने वालों को कोई संकोच नहीं था तो बैठाने वाले मनमानी कर रहे थे।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 03:50 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 03:50 PM (IST)
Violation of CoronaVirus Protocol: आगरा के आटो में उड़ रही कोविड नियमों की धज्जियां
आटो चालक और आधे से ज्यादा सवारियों ने मास्क भी नहीं लगा रखा था।

आगरा, जागरण संवाददाता। खंदारी चौराहा पर शुक्रवार सुबह 11 बजे भगवान टाकीज की ओर जाने वाले आटो बिना आठ सवारियां भरे आगे नहीं बढ़ रहे थे। कुछ आटो चालक और आधे से ज्यादा सवारियों ने मास्क भी नहीं लगा रखा था। भगवान टाकीज चौराहे से रामबाग की ओर और लोहामंडी चौराहे के निकट से जयपुर हाउस की ओर जाने वाले आटो का भी दोपहर 12 और एक बजे लगभग कुछ ऐसा ही हाल था। बैठने वालों को कोई संकोच नहीं था तो बैठाने वाले मनमानी कर रहे थे। संक्रमण फैलने का भय किसी के चेहरे पर नजर नहीं आ रहा था।

कोरोना संक्रमण ने फिर से विकराल रूप ले लिया है। प्रतिदिन संक्रमित होने वालों की संख्या पांच सैकड़ा पार कर गई है, तो तीन से चार लोग प्रतिदिन काल के गाल में समा रहे हैं। चंद लोग व्यवस्था को पलीता लगा रहे हैं। कुछ में जागरुकता का अभाव है तो कुछ ने लापरवाह रवैया अपना रखा है। लगाम कसने वाले भी कुछ सुस्त हो गए हैं। अाटो में चालक के अतिरिक्त दो लोग बैठ सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। सिकंदरा से बोदला की ओर दौड़ने वाले आटो भी सवारियों को बैठाने में मनमानी कर रहे हैं। पीछे की सीट पर चार और चालक अपने दोनों ओर एक-एक सवारी बैठा लेते हैं। कभी कभी तो चालक सहित आगे भी संख्या चार देखी जा सकती है। रामबाग चौराहे से टेड़ी बगिया की ओर चलने वाले आटो हो या एत्माद्दौला क्षेत्र के आटो सभी का कुछ ऐसा ही हाल है। अर्जुन नगर क्षेत्र में तो सात से आठ सवारियां भरे बिना ये फर्राटा भरते ही नहीं है।

कोविड नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। निर्धारित गाइडलाइन की अनदेखी करने वाले आटो चालको पर कार्रवाई की जाएगी।

बोत्रे रोहन प्रमोद, एसपी सिटी 

chat bot
आपका साथी