Taj Mahal Unlocked: पांच लाख लोगों की उम्मीदों को लगे पंख, अब ताजनगरी से उठ रही ये मांग

Taj Mahal Unlocked 17 मार्च से बंद विश्वदाय स्मारक के खुलने के बाद आएगा अब देश के पर्यटन व्यवसाय में बूम। आगरा के पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग अब उठा रहे हैं इंटरनेशनल फ्लाइट शुरु करने की मांग।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Tue, 22 Sep 2020 07:55 AM (IST) Updated:Tue, 22 Sep 2020 07:55 AM (IST)
Taj Mahal Unlocked: पांच लाख लोगों की उम्मीदों को लगे पंख, अब ताजनगरी से उठ रही ये मांग
आगरा में पर्यटन व हैंडीक्राफ्ट कारोबार पर करीब पांच लाख लोग आश्रित हैं। फाइल फोटो

आगरा, जागरण संवाददाता। अनलॉक-4 में सोमवार को ताजमहल खुलने से देश का पर्यटन पुन: शुरू हो गया है। ताजमहल भारतीय पर्यटन की धुरी है और उसके बंद होने से यह छह माह से ठप पड़ा हुआ था। पहले दिन के अच्छे रिस्पोंस को देखते हुए पर्यटन कारोबार से जुड़े पांच लाख लोगों की उम्मीदों को पंख लगे हैं। उनकी मांग इंटरनेशनल फ्लाइट, टूरिस्ट वीजा सर्विस शुरू करने और विदेश से आने पर 14 दिनों की क्वारंटाइन अवधि खत्म करने की है।

आगरा में पर्यटन व हैंडीक्राफ्ट कारोबार पर करीब पांच लाख लोग आश्रित हैं। इनमें होटल व रेस्टोरेंट संचालक, गाइड, फोटोग्राफर, हैंडीक्राफ्ट कारोबारी, हस्तशिल्पी, टूर व ट्रैवल ऑपरेटर्स, दुकानदार आदि प्रमुख हैं। 17 मार्च को स्मारक बंद होने के साथ ही सभी के समक्ष संकट खड़ा हो गया था। एक सितंबर को ताजमहल व आगरा किला छोड़कर अन्य स्मारक खुलने पर भी उन्हें राहत नहीं मिली थी। अनिश्चितता और निराशा का माहौल छाया हुआ था। सोमवार को ताजमहल खुला तो पूर्वी व पश्चिमी गेट स्थित दुकानें भी खुल गईं। रौनक लौटने से पर्यटन कारोबारियों को धीरे-धीरे स्थिति में सुधार होने की उम्मीद बंधी है।

कारोबार की स्थिति

-आगरा में करीब पांच लाख लोग पर्यटन व हैंडीक्राफ्ट कारोबार पर आश्रित हैं।।

-करीब पांच हजार करोड़ रुपये का पर्यटन और ढाई हजार करोड़ रुपये का हैंडीक्राफ्ट का वार्षिक कारोबार है।

-500 से अधिक छोटे-बड़े होटल, 100 से अधिक पेइंग गेस्ट हाउस और करीब 500 रेस्टोरेंट हैं।

-500 के करीब एंपोरियम, शाेरूम और दुकानें हैं।

-करीब 1200 गाइड, 500 फोटोग्राफर हैं।

-स्मारकों के पास करीब एक हजार वेंडर्स व हॉकर्स काम करते हैं।

-शहर में 100 से अधिक टूर ऑपरेटर्स व ट्रांसपोर्टर्स हैं।

कुछ भी नहीं होने से कुछ होना बेहतर है। कोरोना काल में लागू बंदिशें धीरे-धीरे ही हटेंगी। बुकिंग आना शुरू हो गई हैं। डोमेस्टिक टूरिज्म शुरू होने से ट्रेड से जुड़े लोगों को रोजगार मिलेगा।

-नितिन सिंह, गाइड

आज केवल 200 रुपये की बोहनी हुई है। इंटरनेशनल फ्लाइट और टूरिस्ट वीजा सर्विस की शुरुआत सरकार को जल्दी करनी चाहिए। फ्लाइट शुरू होने के तीन माह बाद ही पर्यटक आ सकेंगे।

-विकास कुमार सिंह, एंपोरियम संचालक

पर्यटकों की शुरुआती प्रतिक्रिया काफी उत्साहजनक है, जो आगरा के पर्यटन के लिए अच्छी खबर है। कोरोना को हराकर ही हम पर्यटन को बढ़ा सकेंगे। सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

-दीपक दान, अध्यक्ष टूरिस्ट गाइड वेलफेयर एसोसिएशन

188 दिन बाद ताजमहल खुलने से मायूस व्यापारियों को राहत मिली है। छह माह से काम ठप था। ताजमहल खुलने से अब लोगों को रोजगार मिल सकेगा। धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होगी।

-राजेश राठौड़, व्यापारी

एडीए ने की ऑनलाइन पैमेंट की व्यवस्था

एडीए ने गोल्फ कार्ट के संचालन में स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का पालन किया। 14 सीटर गोल्फ कार्ट में सात पर्यटक ही बैठाए गए। टिकट के लिए ऑनलाइन पैमेंट मोड अपनाया गया।

गाइडों ने दी निश्शुल्क सेवा

एप्रूव्ड टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन द्वारा सोमवार को ताजमहल पर पर्यटकों को निश्शुल्क सेवा दी गई। एसोसिएशन से जुड़े गाइड 30 सितंबर तक पर्यटकों को निश्शुल्क सेवा देंगे। वहीं, टूरिस्ट गाइड वेलफेयर एसोसिएशन के गाइडों द्वारा सुबह आठ से 10 बजे के बीच ताजमहल पर नौ पर्यटकों को निश्शुल्क सेवा दी गई।

फोटोग्राफरों को ग्रुपों में मिला प्रवेश

ताजमहल पर लाइसेंसी फोटोग्राफरों को चार ग्रुपों में बांट दिया गया है। पहले दिन कम फोटोग्राफर पहुंचे। सुबह के समय कुछ की बोहनी हुई, लेकिन दोपहर में अधिकांश फोटोग्राफर खाली बैठे रहे। स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के चलते फोटोग्राफर पर्यटकों को बने हुए फोटो की बजाय ईमेल या वाट्सएप पर देने की पेशकश करते दिखे।

हर घंटे हुआ सैनिटाइजेशन

ताज में पर्यटकों के संपर्क में आने वाली रेलिंग, सेंट्रल टैंक स्थित बेंच, दीवारों आदि पर हर घंटे के अंतराल पर सैनिटाइजेशन कराया गया। दोपहर और शाम को पूरे ताज को सैनिटाइज किया गया। 

chat bot
आपका साथी