Acid Attack: दुष्कर्म पीड़िता ने एेसे लिया बदला, आगरा में आरोपित पर फेंका केमिकल, बहन झुलसी

Acid Attack आगरा कलक्‍ट्रेट में गुरुवार सुबह हुई सनसनीखेज घटना। पुलिसकर्मियों और वकीलों की भीड़ के बीच फेंका कैमिकल। आरोपित की बहन का पैर और हाथ पर केमिकल से हुआ जख्म आरोपित बचा। पीड़ित महिला के पेट और हाथ पर भी तेजाब से हुआ जख्म दोनों को अस्पताल भेजा।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 12 Nov 2020 01:30 PM (IST) Updated:Thu, 12 Nov 2020 01:30 PM (IST)
Acid Attack:  दुष्कर्म पीड़िता ने एेसे लिया बदला, आगरा में आरोपित पर फेंका केमिकल, बहन झुलसी
आगरा में एसिड की चपेट में आने से झुलसी आरोपित की बहन। फोटो: जागरण

आगरा, जागरण संवाददाता। कलक्ट्रेट में एसीएम प्रथम के कोर्ट में तारीख पर पहुंची दुष्कर्म पीड़िता आरोपित पक्ष से भिड़ गई। कोर्ट से बाहर निकलकर उसने आरोपित के ऊपर केमिकल फेंका। मगर, वह बच गया। साथ में चल रही बहन केमिकल से जख्मी हो गई। केमिकल फेंकने वाली महिला के भी पेट और हाथ पर केमिकल से जख्म हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

न्यू आगरा क्षेत्र की एक महिला ने वर्ष 2019 में इंजीनियर्स कालोनी निवासी अरविंद और उत्तम के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा लिखाया था। एक महिला भी साजिश में शामिल होने में नामजद थीं। पुलिस ने विवेचना के बाद अरविंद और मीना के खिफ कोर्ट में चार्जशीट पेश कर दी। उत्तम के खिलाफ अभी विवेचना प्रचलित है। इस मुकदमे को लेकर दोनों पक्षों में कई बार तकरार हो गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों को पाबंद कर दिया। इसकी एसीएम प्रथम कोर्ट में गुरुवार को तारीख थी। दोपहर 12.30 बजे महिला और दूसरे पक्ष से अरविंद अपनी बहन रूबी के साथ एसीएम कोर्ट में गया था। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि कोर्ट से वापस आते समय दुष्कर्म के मुकदमे की वादी ने अरविंद और उसकी बहन रूबी के ऊपर केमिकल फेंकने का प्रयास किया। अरविंद बच गया, लेकिन उसकी बहन के पैर और हाथ पर केमिकल पड़ गया। इससे वह जख्मी हो गई। केमिकल महिला के पेट और हाथ पर भी पड़ गया। इससे वह खुद भी जख्मी हो गई। सीओ कोतवाली दीक्षा सिंह मौके पर पहुंची थी। उन्होंने दोनों पक्षों को मेडिकल के लिए भेजा। अब केमिकल फेंकने वाली महिला के खिलाफ नाई की मंडी थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

180 एमएल की शीशी में केमिकल लाई थी

महिला तारीख पर पूरी योजना बनाकर आई थी। वह अपने पर्स में ही 180 मिली लीटर की शीशी में केमिकल लेकर आई थी। यह कौन सा केमिकल था? यह अभी पता नहीं चला है। जांच कराने को पुलिस ने नमूने लिए हैं। पुलिस का मानना है कि महिला केमिकल अपने पैर पर डालकर युवक पर आरोप लगाने की योजना बनाकर आई थी। उसके पास मिले प्रार्थना पत्र में लिखा है कि आरोपित उसको तेजाब डालने की धमकी दे रहे हैं। वे समझौते को दबाव बना रहे हैं। कभी तेजाब डाल सकते हैं। मगर, उसकी सच्चाई सामने आ गई। 

chat bot
आपका साथी