ड्राइवर की झपकी से यमुना एक्सप्रेस वे पर हुआ हादसा, दो महिलाओं की मौत

पुलिया से टकराई कार, तीन गंभीर। नोएडा निवासी शादी समारोह में भाग लेने को जा रहे थे बिहार।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 10 Feb 2019 01:24 PM (IST) Updated:Sun, 10 Feb 2019 01:24 PM (IST)
ड्राइवर की झपकी से यमुना एक्सप्रेस वे पर हुआ हादसा, दो महिलाओं की मौत
ड्राइवर की झपकी से यमुना एक्सप्रेस वे पर हुआ हादसा, दो महिलाओं की मौत

आगरा, जेएनएन। यमुना एक्सप्रेस वे पर रविवार सुबह नोएडा से आगरा की ओर जा रही टीयूवी कार अनियंत्रित होने पर अंडरपास पुलिया पर टकरा गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई और तीन की हालात गंभी है।

हादसे का कारण ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है। घटना मथुरा के नौहझील क्षेत्र में गांव अवाखेड़ा के समीप की है।

दिल्ली और नोएडा में रहने वाले लोग शादी समारोह में भाग लेने के लिए रविवार सुबह महेन्द्रा टीयूवी कार डीएल 10 सीके 1237 से बिहार के सिवान जा रहे थे।

थाना नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 61 के समीप चालक की झपकी से अनियंत्रित होने पर टीयूवी कार अंडरपास पुलिया के डिवाइडर में टकरा गई। स्थानीय ग्रामीणों ने जैसे ही हादसा होते देखा तो वे मदद के लिए दौड़ पड़े। कार में घायलों की स्थिति को देख तुरंत पुलिस को सूचित किया। हादसे में कार में सवार महिला किरण देवी एवं गाजिया देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि परमानन्द, पारसनाथ एवं राजकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर नौहझील पुलिस और एक्सप्रेस वे कर्मी मौके पर पहुंच गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जेवर के कैलाश अस्पताल भेज दिया गया है।  

रैक्टर ने रौंदी बाइक, सवार गंभीर

मथुरा के ही नौहझील-शेरगढ़ मार्ग पर गांव छिनपारई के समीप रविवार सुबह सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सतेंद्र सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव कोड़ा थाना गोंडा जनपद अलीगढ़  रविवार सुबह बाइक से नौहझील होकर शेरगढ़ की ओर जा रहा था। गांव छिनपारई के समीप सामने से आ रहे बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक को रौंद दिया। जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार युवक सतेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील भेज दिया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख घायल को उपचार के लिए सौ शैया अस्पताल वृंदावन रेफर कर दिया।

chat bot
आपका साथी