अपहरण की सनसनी के पीछे निकला दंपती का विवाद

By Edited By: Publish:Tue, 16 Sep 2014 09:55 PM (IST) Updated:Tue, 16 Sep 2014 09:55 PM (IST)
अपहरण की सनसनी के पीछे निकला दंपती का विवाद

जागरण संवाददाता, आगरा: सदर के विभव नगर से ग्राम प्रधान की पत्नी के अपहरण की सनसनी दंपति का आपसी विवाद निकला। पति की कार में जबरन बैठने के चक्कर में घिसटी और फिर गिर गई। विवाद के चलते पति उसे वहीं छोड़कर चला गया था। होश में आई महिला और ग्राम प्रधान द्वारा वास्तविकता बताने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

डौकी के बरौली गूर्जर के नगला आम के ग्राम प्रधान समर सिंह की पत्नी के सोमवार रात सदर क्षेत्र से अपहरण की सनसनी फैल गई थी। विभव नगर से कार सवारों द्वारा उनको गाड़ी में डालकर ले जाने के बाद पुलिस चेकिंग देख टक्कर रोड पर फेंक जाने की बात सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक ग्राम प्रधान ने युवती से प्रेम विवाह किया था। वह विभव नगर क्षेत्र में किराए पर लेकर होटल चला रहे हैं। सोमवार दोपहर पत्नी स्कूटर से उनको देखने होटल पहुंच गई। यहां किसी बात पर दोनों में झगड़ा हो गया था, जिस पर ग्राम प्रधान ने पत्नी के पीहर वालों को मथुरा से बुला लिया। परिवार के लोग उसे समझाने के बाद देर शाम को घर वापस लौट गए। सोमवार रात लगभग 11 बजे विभव नगर पर पत्नी ने ग्राम प्रधान को कार से कहीं जाता देख उनके साथ जाने की कहने लगीं। जिस पर दोनों के बीच दोबारा झगड़ा हो गया, वह अपना स्कूटर छोड़ गाड़ी में बैठने का प्रयास करने लगीं। इस बीच ग्राम प्रधान ने कार को दौड़ा दिया, जिस पर वह उसकी खिड़की से लटक दूर तक घिसटने से घायल हो गई थीं। सीओ सदर असीम चौधरी के मुताबिक मामला अपहरण की नहीं, ग्राम प्रधान और उनकी पत्नी के बीच आपसी विवाद का था।

chat bot
आपका साथी