मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी को 72 घंटे का समय

By Edited By: Publish:Mon, 15 Sep 2014 10:28 PM (IST) Updated:Mon, 15 Sep 2014 10:28 PM (IST)
मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी को 72 घंटे का समय

जागरण संवाददाता, आगरा: एक सप्ताह से ताजगंज क्षेत्र में हड़ताल पर गए सफाई कर्मचारी काम पर वापस आ गए है। सोमवार को महापौर इंद्रजीत आर्य के हस्तक्षेप पर उन्होंने निगम की तालाबंदी व हड़ताल का फैसला वापस ले लिया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 72 घंटे में महिला सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट के आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो फिर आंदोलन किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी संघ व उत्तर प्रदेश राज्य सफाई मजदूर संघ ने सोमवार को पूरे शहर की सफाई ठप करने और निगम की तालाबंदी करने का एलान किया था। महापौर इंद्रजीत आर्य ने रविवार रात सफाई कर्मचारियों को वार्ता के लिए बुलाया। इस दौरान निगम अधिकारी भी मौजूद रहे। महापौर ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि आरोपियों की गिरफ्तारी शीघ्र करने का आश्वासन एसएसपी ने दिया है। उन्होंने ताजगंज क्षेत्र में हड़ताल के दौरान कर्मचारियों का वेतन नहीं काटने का भी आश्वासन दिया। महापौर ने हर लड़ाई में कर्मचारियों का साथ देने को कहा। इसके बाद दोनों संघों ने हड़ताल समाप्त करने का एलान किया। सफाई कर्मचारी नेता विनोद मेवाती ने कहा कि यदि 72 घंटे में पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान मुख्य रूप से अमरचंद वाल्मीकि, राजकुमार सागर, संतोष वाल्मीकि, गुलशन दयाल, आजाद सिंह, बॉबी लाले, राकेश साहू, बबलू भाटिया, कुलदीप नरवार, राजेश चौधरी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी