जानें कैसा है रामकृष्ण परमहंस का जीवन-दर्शन

रामकृष्ण परमहंस के विचार से जीवन में आगे बढ़ने के लिए सही और गलत का निर्णय लेता है हमारा विवेक। उसी के माध्यम से लक्ष्य को पाया जा सकता है।

By Molly SethEdited By: Publish:Sat, 30 Dec 2017 04:13 PM (IST) Updated:Mon, 01 Jan 2018 10:50 AM (IST)
जानें कैसा है रामकृष्ण परमहंस का जीवन-दर्शन
जानें कैसा है रामकृष्ण परमहंस का जीवन-दर्शन

विवेक का प्रयोग अनिवार्य 

सिर्फ मनोरंजन प्रदान करने वाले कार्यो में हमारा मन खूब रमता है। यह जानते हुए भी कि उस कार्य से हमारे जीवन लक्ष्य की प्राप्ति नहीं हो सकती, फिर भी यदि हम वह कार्य लगातार करते जाते हैं, तो यह हमारा अविवेक है। वहीं यदि हम किसी विशेष कार्य को करने का निर्णय लेने से पहले यदि उसके परिणाम और दुष्परिणाम पर सोच-विचार करते हैं, तो ऐसा हम सिर्फ अपने विवेक की मदद से कर पाते हैं। भौतिक सुख-साधन अनित्य हैं और एकमात्र ईश्वर ही सत्य है। रुपये-पैसों से हमें क्या मिलता है? दाल-रोटी, कपड़े और रहने के लिए जगह-बस इतना ही और कुछ नहीं। निश्चित तौर पर रुपये से ईश्वर नहीं मिलते हैं। इसलिए रुपये कमाना कभी हमारे जीवन का उद्देश्य नहीं हो सकता है। यदि हम इस विचार पर अपनी सहमति जताते हैं और उसी के अनुरूप कार्य करते हैं, तो इसे हम विवेक-विचार कहते हैं। 

नश्वर में आसक्ति से बचें

यदि हम किसी भौतिक साधन या व्यक्ति के प्रति आसक्त हैं, तो हम यह विचार कर देखें कि वास्तव में वह क्या है? क्या कालक्रमानुसार, इनका विनाश नहीं होगा या क्या वे नश्वर नहीं हैं? यदि जवाब हां में आता है, तो फिर अविनाशी ईश्वर को छोड़कर उन सभी चीजों में हमारा मन क्यों रमता है? हम उन चीजों के प्रति आसक्त नहीं, बल्कि अनासक्त हों। विवेक और वैराग्य दोनों के अर्थ अलग-अलग हैं। विवेक अर्थात सत्-असत् का विचार और वैराग्य अर्थात संसार की वस्तुओं के प्रति विरक्ति या उदासीनता। यह एकाएक प्राप्त नहीं होता है। इसके लिए हमें रोज अभ्यास करना पड़ता है। भौतिक संसाधनों का त्याग पहले मन में करना चाहिए। फिर ईश्वर की इच्छा से वह त्याग अंदर और बाहर भी संभव हो जाता है। अभ्यास योग के द्वारा इनके प्रति विरक्ति होती है-यह गीता में है। अभ्यास के द्वारा मन में असाधारण शक्ति पैदा की जा सकती है। तब इंद्रिय संयम करने में, काम-क्रोध को वश में लाने में कष्ट नहीं उठाना पड़ता है। जैसे कछुआ एक बार हाथ-पैर समेट लेने पर फिर उन्हें बाहर नहीं निकालता। कुल्हाड़ी से टुकड़े-टुकड़े कर डालने पर भी नहीं। ठीक वैसा ही हमारा मन भी हो जाता है। 

स्‍वयं को सही समझने के अहंकार से बचें

जब तक ईश्वर का ज्ञान नहीं होता, तब तक हम भौतिक संसाधनों के मिथ्या सुख में डूबे रहते हैं। ईश्वर को भूलकर 'मैं-मेरा' करते हुए सांसारिक बंधनों में हम डूबते चले जाते हैं। माया के कारण हम इतने अंधे हो जाते हैं कि भागने का रास्ता होने पर भी हम जाल से भाग नहीं पाते हैं। इस बात को समझने के लिए हम मछलियों व रेशम के कीड़े के जीवन को देख सकते हैं। जाल में से निकलने की राह खुली है, फिर भी मछली भाग नहीं सकती। रेशम का कीड़ा अपनी ही लार से कोश बनाकर उसमें फंसकर अपनी जान गंवा देता है। अक्सर मनुष्य इस अहंकार में जीता रहता है कि वह जो कुछ कर रहा है, वह सही है। कोई भी वस्तु को तराजू पर तौलते समय जब तक कांटा ठीक न हो, तब तक ठहरकर देखना पड़ता है। मैं समय-समय पर स्वयं को गालियां देकर देखता था कि मुझमें अहंकार उठता है या नहीं? मैं हमेशा विचार करता था कि हमारा हाड़-मांस का शरीर कैसा है? जिस शरीर को एक दिन मिट्टी में मिल जाना है, उस पर अहंकार कैसा? 

मन से वासना का त्‍याग करें

मान लिया जाए कि हांडी में चावल पक रहा है। चावल पका है या नहीं, यह देखने के लिए उसमें से एक दाना लेकर उसे दबाकर देखा जाता है। उसी एक दाने के आधार पर यह समझ लिया जाता है कि चावल पका है या नहीं। कभी-भी चावल के सभी दानों को एक-एक करके परखकर नहीं देखा जाता है। फिर भी यह मान लिया जाता है। यहां जिस प्रकार चावल के एक दाने को देखकर हम समझ लेते हैं कि चावल पका है या नहीं, उसी प्रकार यह संसार सत् है या असत्, नित्य है या अनित्य-यह भी आप संसार की दो-चार वस्तुओं को परखकर ही जान सकते हैं। मनुष्य जन्म लेता है, कुछ दिन जीता है, फिर मर जाता है, पशु का भी यही हाल होता है और वृक्ष का भी। विचार करके देखने पर हमारी समझ में आ जाता है कि जो भी वस्तु नाम और रूप से युक्त है, उसकी यही गति होती है। जब आप जान लेते हैं कि सारे संसार का यही स्वभाव है, तब आपको संसार की सभी वस्तुओं का स्वभाव ज्ञात हो जाता है। इसी तरह जब संसार को सचमुच ही अनित्य, असत् अनुभव करने लगेंगे तब आप उसे प्यार नहीं कर सकेंगे। तब आप उसे बिल्कुल मन से त्यागकर वासना रहित बन जाएंगे। तब आप इस प्रकार पूर्ण त्याग करने में समर्थ हो जाएंगे, तभी आप जगत्कारण परमेश्वर के दर्शन कर पाएंगे। इस तरह से जिसने ईश्वर दर्शन प्राप्त कर लिया वह सर्वज्ञ हो जाता है।

chat bot
आपका साथी