शिवधाम में उतरा बृजधाम, घर-घर जन्मोत्सव

शिवधाम शुक्रवार को बृजधाम नजर आया। बाबा भोले की नगरी में घर-घर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया और बधाइयां गायी गयीं। कहीं भजन-पूजन का आयोजन हुआ।

By Edited By: Publish:Sat, 11 Aug 2012 01:17 PM (IST) Updated:Sat, 11 Aug 2012 01:17 PM (IST)
शिवधाम में उतरा बृजधाम, घर-घर जन्मोत्सव

वाराणसी। शिवधाम शुक्रवार को बृजधाम नजर आया। बाबा भोले की नगरी में घर-घर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया और बधाइयां गायी गयीं। कहीं भजन-पूजन का आयोजन हुआ। पुलिस लाइन, जिला कारागार व नगर के विभिन्न थानों पर जन्मोत्सव की धूम रही तो कहीं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। चौखम्भा में पुष्टिमार्ग के षष्ठपीठ गोपाल मंदिर में रात तक भक्त अपने आराध्य की आराधना-साधना में तल्लीन रहे।

ठाकुर जी श्रीमुकुन्द राय जी व श्रीगोपाल रायजी की तप:स्थली गोपाल मंदिर में षष्ठपीठाधीश्वर गोस्वामी श्याम मनोहर जी महाराज के सानिध्य में उत्सव की धूम रही, जहां सुबह सात बजे प्रभु को पंचामृत स्नान कराया गया। उत्सव के क्रम में मध्याहृन 12 बजे तिलक के दर्शन व दोपहर 2 बजे राजभोग के दर्शन हुए। सायं 7.30 बजे उत्थापन के दर्शन हुए। रात आठ बजे संध्या आरती में बड़ी संख्या में भक्त जुटे। मध्य रात्रि प्रभु के जन्म के दर्शन के लिए भी भक्तों की भीड़ उमड़ी।

गोस्वामी श्याम मनोहर जी ने पावन उत्सव पर भक्तों विशेषकर नई पीढ़ी का आहृवान किया कि वे अपनी गौरवशाली संस्कृति को आत्मसात करें। महाराजश्री ने कहा कि सभी पीठ के धरातल सनातन ही हैं। सब सनातन से ही जुड़े हैं। नई पीढ़ी को भगवान राम व श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन का अनुसरण करना चाहिए। इस तरह के उत्सव को मनाने का यही ध्येय है। आज संस्कारों को जागृत करने की आवश्यकता है। बड़े मुखिया नटवर जी के संयोजन में पूजन अनुष्ठान सम्पन्न हुए। प्रो.गिरीश चंद्र चौधरी ने उत्सव के महात्मय पर प्रकाश डाला। मंदिर व्यवस्थापक मंडल के यदु शुक्ला व अतुल शाह ने सहयोग दिया।

दुर्गाकुण्ड मार्ग पर स्थित इस्कान मंदिर में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव के रूप में मनाया गया। जादूगर एस.कुमार ने भक्तों को बांधा। राजन तिवारी, पल्लवी पांडेय ने भजनों से सराबोर किया। कुबेर नाथ का तबला वादन हुआ। महंत अधोक्षज दास ने अंतरंगा व बहिरंगा शक्ति पर व्याख्यान दिए। हरे कृष्ण हरे राम संकीर्तन सोसाइटी की ओर से माहेश्वरी भवन, महमूरगंज में जन्माष्टमी मनाई गई। वैदिक पूजन एवं ध्यान के साथ तुलसी महारानी की आरती एवं चैतन्य महाप्रभु की गौर आरती उतारी गई। लड्डू गोपाल का पंचामृत से अभिषेक कराया गया। इसके अलावा कृष्ण भजन और नृत्य नाटिका का भी आयोजन किया गया। कार्यक्त्रम का संचालन नागेंद्र ने किया और अभिषेक ने सहयोग प्रदान किया।

दशमेश्वर महादेव मंदिर, खोजवां में स्वामी बालेश्वरानंद महाराज के सानिध्य में कृष्ण जन्माष्टमी मनायी गई। इस मौके पर विविध धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्त्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर डॉ. अरुण पांडेय,डॉ. सुरेंद्र नाथ ओझा, चंद्रमौलि पांडेय, अशोक, विजय आदि उपस्थित थे। श्री कृष्ण उत्सव सेवा समिति की ओर से कतुआपुरा में जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मनोहारी झांकी देखने के लिए देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही। भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर विनोद कसेरा, अशोक कसेरा, शिव प्रसाद, अनिल कसेरा, सुभाष मिश्रा आदि उपस्थित थे। स्कालर्स वैली, सुंदरपुर में आकर्षक परिधानों में सजे-संवरे बच्चों ने राधा-कृष्ण लीला का जीवंत मंचन किया। इस अवसर पर अनुराधा वाजपेयी, संजय वाजपेयी उपस्थित थे। मिसिरपोखरा स्थित केयर एण्ड कैरियर स्कूल में निदेशक आनंद मिश्र के संयोजन में उत्सव में मनाया गया। अस्सी स्थित श्रीरामजानकी मठ में महंत राजकुमार दास के सानिध्य में, भदैनी में श्रीसाधु बेला आश्रम परिसर में, नदेसर के किडजी व केनजेन स्कूल में झांकियां आकर्षण का केंद्र रही।

सेवापुरी प्रतिनिधि के अनुसार परमहंस आश्रम (जगदीशपुर) में जन्मोत्सव मनाया गया। स्वामी अड़गड़ानंद ने कहा कि भगवान के शरण में जाने से ही मानव समाज का कल्याण होगा। गीता को सर्वश्रेष्ठ ग्रंथ बताया। इस अवसर पर स्वामी कासेन महाराज, केदार, सच्चिदानंद स्वामी, सूरज बाला आदि ने कृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया।

काशी विद्यापीठ ब्लाक प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में जन्माष्टमी की धूम रही। मंदिरों में दर्शन-पूजन के साथ ही अधिकतर घरों में आकर्षक झांकी सजायी गई। अ?र्द्धरात्रि तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। रामनगर प्रतिनिधि के अनुसार थाना सहित घरों में नयनाभिराम झांकी सजाई गई।

मिर्जामुराद प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में कान्हा का जन्मदिवस श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। थाना परिसर सहित मंदिरों और घरों में मनोहारी झांकियां सजायी गईं। देर रात तक नंद को आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की की आवाज गूंजती रही। इस के अलावा कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी