बीस हजार रुपए लेकर कई युवाओं को बांट दी 12 वीं की अंकतालिकाएं

उदयपुर में एविएशन एकेडमी खोलकर युवाओं को रोजगार का सपना दिखाने वाला संचालक ठगी का पायलट निकला। उसने बीस हजार में कई युवाओं को 12 वीं की फर्जी अंकतालिका पकड़ा दी।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Thu, 28 Feb 2019 02:32 PM (IST) Updated:Thu, 28 Feb 2019 02:32 PM (IST)
बीस हजार रुपए लेकर कई युवाओं को बांट दी 12 वीं की अंकतालिकाएं
बीस हजार रुपए लेकर कई युवाओं को बांट दी 12 वीं की अंकतालिकाएं

उदयपुर, जेएनएन। यहां उदयपुर में एविएशन एकेडमी खोलकर युवाओं को रोजगार का सपना दिखाने वाला संचालक ठगी का पायलट निकला। उसने बीस-बीस हजार रुपए में कई युवाओं को 12 वीं की फर्जी अंकतालिका पकड़ा दी। मामले का खुलासा तो तब हुआ इस एकेडमी के छात्र ने यहां से ली अंकतालिका अपने मित्रों को दिखाई

तो उन्होंने उसे फर्जी बताया। जिसके बाद छात्र सीधे थाने पहुंच गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने यहां आयड़ स्थित एविएशन एकेडमी की तलाशी ली तो वहां दिल्ली, नोएड़ा तथा झारखंड बोर्ड की कई फर्जी अंकतालिकाएं मिली। इसके बाद भूपालपुरा थाना पुलिस ने एकेडमी के संचालक होशियारसिंह को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि होशियारसिंह फर्जी अंकतालिकाएं बेचने के रैकेट से जुड़ा हुआ है। जो राजसमंद स्थित एक संस्था के सहयोग से फर्जी मार्कशीट तैयार कर बेचता था। अभी तक वह दर्जनों छात्रों को इस तरह की फर्जी अंकतालिका दे चुका है।

हाल ही उसने उदयपुर के छात्र ललित माली को नोएड़ा स्थित राष्ट्रीय ऑपन विद्यालय संस्थान की अंकतालिका दी थी। बारहवीं पास की यह अंकतालिका 2012 की है। जबकि इस छात्र ने महज दो महीने पहले एयर एविएशन में संपर्क किया था। संचालक होशियार सिंह ने इस छात्र को कोर्स और परीक्षा की जानकारी देते हुए बीस हजार रुपए मांगे थे। दो महीने बाद जब छात्र परीक्षा संबंधी जानकारी के लिए पहुंचा तो उसने सीधे ही बारहवीं पास की अंकतालिका उसे थमा दी थी। ललित ने जब यह अंकतालिका अपने मित्रों को दिखाई तो उन्होंने उसे फर्जी बताया। जिस पर वह भूपालपुरा थाने पहुंच गया था।

पुलिस ने बताया कि डेढ़ साल से फर्जी अंकतालिका बेचने का गोरखधंधा जारी है। रैकेट में और कितने लोग जुड़े हैं, उनका पता लगाकर गिरफ्तारी की जाएगी। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि फर्जी अंकतालिका कहां प्रकाशित की जा रही हैं और कौन इन्हें प्रकाशित कर रहा है। क्या यहां से मिली अंकतालिका से किसी छात्र-छात्रा को आगे प्रवेश मिला है?

chat bot
आपका साथी