राजस्थान पंचायत चुनाव में जीत से उत्साहित भाजपा विधानसभा उप चुनाव की तैयारी में जुटी

केंद्रीय मंत्रियों व वरिष्ठ नेताओं को चारों विधानसभा क्षेत्रों का प्रभारी बनाया गया है। तीन कांग्रेस और एक भाजपा विधायक के निधन के कारण मार्च माह में उप चुनाव कराए जाने की संभावना है। इनमें सहाड़ासुजानगढ़ व भिंडर सीटों पर कांग्रेस और राजसमंद में भाजपा की विधायक थी।

By PRITI JHAEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 01:43 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 01:43 PM (IST)
राजस्थान पंचायत चुनाव में जीत से उत्साहित भाजपा विधानसभा उप चुनाव की तैयारी में जुटी
राजस्थान में भाजपा विधानसभा उप चुनाव की तैयारी में जुटी

जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान में चार विधानसभा सीटों पर उप चुनाव की तारीख अब तक तय नहीं हुई। लेकिन भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी है। केंद्रीय मंत्रियों व वरिष्ठ नेताओं को चारों विधानसभा क्षेत्रों का प्रभारी बनाया गया है। तीन कांग्रेस और एक भाजपा विधायक के निधन के कारण मार्च माह में उप चुनाव कराए जाने की संभावना है। इनमें सहाड़ा,सुजानगढ़ व भिंडर सीटों पर कांग्रेस और राजसमंद में भाजपा की विधायक थी।

जिला परिषद व पंचायत समिति चुनाव में जीत से उत्साहित भाजपा इन उप चुनाव में अपना परचम लहराना चाहती है। यही कारण है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने चुनावी यात्रा शुरू की है। वे सबसे पहले सुजानगढ़ गए और अब शुक्रवार व शनिवार को सहाड़ा और राजसमंद जाकर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक के साथ ही छोटी-छोटी सभाओं को भी संबोधित करेंगे। पूनिया का कहना है कि उप चुनाव की तैयारी तो है, लेकिन रोडमैप 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बनाया जा रहा है।

दरअसल, फरवरी माह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा का दौरा होना है। उससे पहले प्रदेश के मतदाताओं की नब्ज टटोलने के लिए पूनिया खुद रवाना हुए हैं। उन्होंने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले केंद्रीय मंत्रियों व वरिष्ठ नेताओं को भी चुनाव अभियान की कमान सौंपी है। भाजपा उप चुनाव को लेकर पूरी तैयारी में है, लेकिन वसुंधरा राजे गायब हैं। वसुंधरा राजे ना तो हाल ही में सम्पन्न हुए पंचायत चुनाव में सक्रिय रही और ना ही स्थानीय निकाय चुनाव में कहीं नजर आई। उप चुनाव को लेकर वरिष्ठ नेताओं को कमान सौंपी गई। पूनिया ने वरिष्ठ नेताओं के साथ उप चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक भी की, लेकिन वसुंधरा राजे इनमें भी नहीं पहुंची। वे लंबे समय से धौलपुर में रह रही है। वे धौलपुर में रह कई ही अपने समर्थकों से संपर्क साध रही हैं।

पूनिया को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कमान सौंपे जाने के बाद से ही वसुंधरा राजे नाराज चल रही है। पूनिया भी उनसे दूरी बनाए हुए हैं। पूनिया इन दिनों वसुंधरा राजे के विरोधियों को एकजुट करने में जुटे हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने सुजानगढ़ सीट पर चुनाव अभियान की कमान केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल व विधायक निर्मल कुमावत,सहाड़ा में सांसद सी.पी.जोशी और विधायक जोगेश्वर गर्ग, राजसमंद में पूर्व मंत्री मदन दिलावर व वासुदेव देवनानी को सौंपी है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और अरूण चतुर्वेदी को प्रदेश स्तर पर चुनाव प्रबंध का काम सौंपा गया है। 

chat bot
आपका साथी