''RSS से जुड़ी लॉबी राजस्थान में प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों को कर रही गुमराह'', CM गहलोत ने संघ पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) लॉबी चिकित्सकों को बर्बाद कर रही है। उनको गुमराह कर रही है। बता दें कि राजस्थान में स्वस्थ्य का अधिकार विधेयक के विरोध में निजी अस्पताल मालिकों और चिकित्सकों का आंदोलन शनिवार को भी जारी रहा। Photo- AP

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 02 Apr 2023 01:59 AM (IST) Updated:Sun, 02 Apr 2023 01:59 AM (IST)
''RSS से जुड़ी लॉबी राजस्थान में प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों को कर रही गुमराह'', CM गहलोत ने संघ पर साधा निशाना
CM गहलोत ने संघ पर साधा निशाना।

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के कोटा में कांग्रेस के संभागीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अधिकांश नेताओं ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म किए जाने के मुद्दे पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पर निशाना साधा है। बिरला कोटा से ही भाजपा सांसद हैं।

गहलोत ने ओम बिरला को लेकर कही ये बातें

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि बिरला निष्पक्ष नहीं हैं। लोकसभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए, लेकिन वह दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करने में उन्होंने जल्दबाजी की है। उन्हें इतनी जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए थी। राहुल की लोकसभा से सदस्यता खत्म करना एक षड्यंत्र है।

सीएम ने कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में है। इस कारण पूरा विपक्ष एकजुट हुआ है। कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र को बचाया है। वर्तमान में न्यायपालिका, चुनाव आयोग, ईडी और सीबीआई दबाव में हैं। देश में तनाव का माहौल है। देश में हिंदू राष्ट्र की मांग उठने लगी है, जो चिंताजनक है।

गहलोत ने केंद्र सरकार को घेरा

खालिस्तान की मांग उठने पर उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत हिंदू राष्ट्र की मांग कर सकते हैं, तो अमृतपाल ने भी खालिस्तान की बात कही है। ये बेहद चिंताजनक है। सरकार को इस समस्या का समाधान करना चाहिए। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में बिरला को सबक सिखाएगी।

रंधावा ने कार्यकर्ताओं से जय श्री राम के नारे लगवाते हुए कहा कि भगवान राम भाजपा के ही नहीं, हमारे भी हैं। उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा असत्य बोलने वाली पार्टी भाजपा है।

राजस्थान में डॉक्टरों का प्रदर्शन जारी

बता दें कि राजस्थान में स्वस्थ्य का अधिकार विधेयक के विरोध में निजी अस्पताल मालिकों और चिकित्सकों का आंदोलन शनिवार को भी जारी रहा। जयपुर सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर चिकित्सकों ने काम का बहिष्कार कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जयपुर में तीन चिकित्सक क्रमिक अनशन पर बैठे। कोटा में एक महिला चिकित्सक का शनिवार को आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा।

सीएम गहलोत ने संघ पर साधा निशाना

उधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) लॉबी चिकित्सकों को बर्बाद कर रही है। उनको गुमराह कर रही है। गद्दारों के चक्कर में चिकित्सक एक हो जाते हैं। चिकित्सकों में चार-पांच गद्दार हैं। ये आरएसएस से जुड़े हुए हैं। चिकित्सकों को अहम छोड़ना चाहिए। कुछ लोगों ने गलतफहमी पैदा की है। चिकित्सकों की मुख्य सचिव और वित्त सचिव की बातचीत हुई है। उन्होंने जो सुझाव दिए वे सब मान लिए। अब नेतागिरी कर रहे हैं। लोग तकलीफ में हैं।

सीएम ने कहा कि अभी तो विधेयक पारित हुआ है। अधिसूचना जारी होगी, तब कानून लागू होगा। नियम बनने शेष हैं। चिकित्सकों की गलतफहमी दूर करेंगे। स्वास्थ्य का अधिकार विधेयक जनता के हित में है। शनिवार को कोटा में मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा कि चिकित्सकों को जिद छोड़कर आंदोलन खत्म करना चाहिए।

chat bot
आपका साथी