Rajasthan: भाजपा व कांग्रेस नेताओं ने जसवंत सिंह को दी श्रद्धांजलि

Jaswant Singh जसवंत सिंह को भाजपा व कांग्रेस नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। सचिन पायलट ने कहा कि जसवंत सिंह का योगदान हर कोई याद रखेगा। इस मौके पर उनके द्वारा किए गए सेवा कार्यों को भी पायलट ने याद किया।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Thu, 08 Oct 2020 08:51 PM (IST) Updated:Thu, 08 Oct 2020 08:51 PM (IST)
Rajasthan: भाजपा व कांग्रेस नेताओं ने जसवंत सिंह को दी श्रद्धांजलि
जसवंत सिंह को भाजपा व कांग्रेस नेताओं ने श्रद्धांजलि दी।

जोधपुर, संवाद सूत्र। पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह जसोल के निधन के पश्चात आयोजित शोक सभा में वीरवार को भाजपा और कांग्रेस के नेता अपनी शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। जोधपुर के पाबूपुरा स्थित जसवंत सिंह के फॉर्म हाउस पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जोधपुर सांसद व केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत , भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, राजस्थान विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत पहुंचे। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, राज्यमंत्री टीकाराम जुली सहित कांग्रेस के नेताओं ने भी अपनी संवेदनाएं उनके पुत्र मानवेंद्र सिंह के समक्ष व्यक्त की। उपस्तिथ नेताओं ने दिवंगत जसवंत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को ढांढ़स बंधाया। सचिन पायलट ने कहा कि जसवंत सिंह का योगदान हर कोई याद रखेगा। उनके द्वारा किए गए सेवा कार्यों को भी पायलट ने याद किया। जोधपुर के पाबूपुरा स्थित जसोल के फार्म हाउस पर कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज अलग-अलग समय पहुंचे। किसी नेता का एक-दूसरे से सामना तो नहीं हुआ, लेकिन जोधपुर में मीडिया से मुखातिब होते हुए दोनों ही पार्टियों के  नेताओं ने एक-दूसरे राजनीतिक दलों पर जमकर आरोप लगाए।

शोक संवेदना के बहाने जोधपुर में पायलट का शक्ति प्रदर्शन

राज्य में हाल ही में हुए सियासी घमासान के बाद सचिन पायलट का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह क्षेत्र में यह पहला दौरा था। इसको लेकर जोधपुर में सचिन पायलट समर्थकों में गजब का उत्साह देखने को मिला और मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे गुंजायमान हुए। बड़ी संख्या में सचिन पायलट समर्थन लोगों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस मौके पर सचिन पायलट ने भी भाजपा पर खूब निशाना साधा।

भाजपा भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान में सरकार के खिलाफ हल्ला बोल कार्यक्रम के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष की भूमिका नहीं निभा पा रही है, क्योंकि वह खंडित हो चुकी है। भाजपा कई गुटों में बंटी हुई है। वहीं, उत्तर प्रदेश के हाथरस कांड में भी पायलट ने भाजपा और योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। पायलट ने कहा कि हाथरस मामले में कांग्रेस के नेताओं को प्रदर्शन तक नहीं करने दिया गया, जो निंदाजनक है। साथ ही, केंद्र सरकार द्वारा किसानों को लेकर बिल लाए जाने के मामले पर कहा कि इन तीन बिलों से किसानों का किसी तरह का कोई लाभ नहीं होने वाला। लेकिन मीडिया के द्वारा उनके मीडिया मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के सवाल पर वे हाथ जोड़ चल दिए।

राजस्थान में केवल अपराधों में ग्रोथ: शेखावत

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी राजस्थान में बढ़ते अपराधों को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। जोधपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए शेखावत ने कहा कि राजस्थान केवल अपराधों में ग्रोथ कर रहा है और पता नहीं मुख्यमंत्री राजनीति की कौन सी बंसी बजा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में राजस्थान अपराध की राजधानी बनकर उभरा है। यह मैं नहीं, एनसीआरबी कहती है। महिलाओं के प्रति अपराधों में राजस्थान देश में शीर्ष स्थान पर पहुंचा है। मुझे अफसोस है कि मैं मुख्यमंत्री को इसके लिए बधाई भी नहीं दे सकता। ये एकमात्र ऐसा विषय है, जिसमें मुख्यमंत्री ने राजस्थान को शीर्ष स्थान पर पहुंचाया है। बाडमेर में सामूहिक दुष्कर्म की घटना को शेखावत ने शर्मसार करने वाला विषय बताया है।उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील विषय पर राजनीति करना शर्मनाक है। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि कांग्रेस इस पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान का एक जिला भी ऐसा शेष नहीं है, जहां सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं न हुई हों। 

chat bot
आपका साथी