भारत जोड़ा यात्रा का राजस्थान में प्रवेश, राहुल गांधी ने गहलोत और पायलट का हाथ पकड़कर किया सहरिया नृत्य

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रविवार शाम सवा सात बजे मध्यप्रदेश से राजस्थान सीमा में पहुंची। राजस्थान में झालावाड़ जिले के चंवली चौराहे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित डेढ़ दर्जन मंत्रियों और वरिष्ठ कांग्रेसियों ने यात्रा की अगवानी की।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Mon, 05 Dec 2022 02:12 AM (IST) Updated:Mon, 05 Dec 2022 05:51 AM (IST)
भारत जोड़ा यात्रा का राजस्थान में प्रवेश, राहुल गांधी ने गहलोत और पायलट का हाथ पकड़कर किया सहरिया नृत्य
भारत जोड़ा यात्रा का राजस्थान में प्रवेश। फोटो- एएनआइ।

नरेन्द्र शर्मा, झालावाड़। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रविवार शाम सवा सात बजे मध्यप्रदेश से राजस्थान सीमा में पहुंची। राजस्थान में झालावाड़ जिले के चंवली चौराहे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित डेढ़ दर्जन मंत्रियों और वरिष्ठ कांग्रेसियों ने यात्रा की अगवानी की। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने यात्रा का झंडा राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को सौंपा। इस मौके पर यात्रा के स्वागत में रखी गई सभा में सहरिया परिवारों ने मंच पर उनका पारंपरिक नृत्य किया। सहरियाओं को नृत्य करता देख राहुल भी खुद को नहीं रोक सके और उन्होंने गहलोत व पायलट का हाथ पकड़कर नृत्य किया।

गहलोत व पायलट का हाथ पकड़कर नृत्य कर दिया एकजुटता का संदेश

राहुल करीब पांच मिनट तक गहलोत व पायलट का हाथ पकड़कर नृत्य कर एकजुटता का संदेश दिया। कमलनाथ,संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और महासचिव जयराम रमेश ने भी कुछ देर तक राहुल का साथ दिया। करीब एक घंटे तक सभा चली और फिर चंवली चौराहे पर ही राहुल सहित अन्य यात्रियों ने रात्रि विश्राम किया।

लोगों का भय करना चाहते हैं खत्म

सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी की पार्टी है। गोड़से और सावरकर की पार्टी नहीं है। हम तपस्या करना जानते हैं। यात्रा में शामिल साथी सुबह पांच बजे सड़कों पर नजर आते हैं। राहुल ने कहा कि हम भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोगों से नफरत नहीं करते। हम लोगों का भय भी खत्म करना चाहते हैं। मैं उन्हे देश में नरफर और डर नहीं फैलाने दूंगा।

मप्र. छोड़कर दुख लेकिन राजस्थान में खुशी

राहुल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश का सारा पैसा कुछ उधोगपतियों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने यात्रा को बहुत प्यार दिया है। उन्होंने कहा,मध्यप्रदेश छोड़कर दुख हो रहा है। लेकिन राजस्थान आकर खुशी हो रही है। हवाई जहाज से हिंदुस्तान समझ में नहीं आता,फटे हुए हाथ वाले किसान से हाथ मिलाने पर ही समझ में आता है। उन्होंने कहा,मैने मैने देश की जनता का दर्द समझने के लिए सड़क से यात्रा की है। कमलाथ ने अपने संबोधन में गहलोत से कहा,राजस्थान में आपकी सरकार है,लेकिन मध्यप्रदेश जितना प्यार यात्रा को नहीं दे पाएंगे ।इस पर गहलोत ने कहा कि राजस्थान में यात्रा मध्यप्रदेश से भी भव्य निकलेगी।

गहलोत और पायलट समर्थकों में नारेबाजी की होड़

यात्रा ने जैसे ही मध्यप्रदेश से झालावाड़ जिले से राजस्थान में प्रवेश किया तो गहलोत और पायलट समर्थकों में नारेबाजी की होड़ लग गई। दोनों के समर्थकों ने अपने-अपने नेता के पक्ष में जमकर नारेबाजी की। मध्यप्रदेश से झालावाड़ जिले की सीमा तक राजमार्ग के दोनों तरफ राहुल और पायलट की फोटो के बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए गए हैं। वहीं सभा स्थल और विश्राम स्थल पर गहलोत सरकार की उपलब्धियों को दर्शाते हुए होर्डिंग्स लगाए गए हैं।

राहुल करेंगे सभा को संबोधित

सोमवार सुबह छह बजे यात्रा की शुरुआत झालावाड़ के काली तलाई से होगी। उसके बाद यात्रा सुबह दस बजे बाली बोरड़ा चौराहे और दोपहर साढ़े तीन बजे नाहरड्रील एवं शाम साढ़े छह बजे झालारापाटन के चंद्रभागा चौराहे पर पहुंचेगी। यहां राहुल एक छोटी सभा को संबोधित करेंगे।

भाजपा ने राहुल पर निशाना साधा

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने एक बयान में कहा कि राहुल ने चार साल पहले किसानों का कर्ज दस दिन में माफ करने की बात कही थी। उन्हे अब हिसाब देना चाहिए कि कितना कर्ज माफ हुआ है। झालावाड़ से भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि राहुल उनके साथ लोकसभा में सांसद हैं, नैतिकता के नाते उनका मेरे संसदीय क्षेत्र में स्वागत है। लेकिन यदि वह यदि कांग्रेस सरकार बनने के दस दिन बाद यहां आकर पता कर लेते कि उनके किए हुए वादे के अनुसार कितने किसानों का कर्ज माफ हुआ है तो ज्यादा ठीक रहता। प्रदेश महिला उत्पीड़न,बेरोजगारी और महंगी बिजली जैसे मुददे गहलोत सरकार के खिलाफ हैं।

यह भी पढ़ें- WHO की रिपोर्टः इंटरनेट के जरिए बच्चों का यौन शोषण करने वालों में ज्यादातर उनके परिचित, जानिए बचाव के उपाय

chat bot
आपका साथी