जोधपुर में बढ़ते कोरोना के कारण प्रशासन ने लगाया लॉकडाउन, बाहर से आने वालों को हुई परेशानी, दिखा असर

Jodhpur Coronavirus शहर में लगातार मिल रहे कोरोना संक्रमितों को देखते हुए एक बार फिर से शनिवार व रविवार का लॉकडाउन शुरू किया गया है।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Sat, 08 Aug 2020 06:17 PM (IST) Updated:Sat, 08 Aug 2020 06:17 PM (IST)
जोधपुर में बढ़ते कोरोना के कारण प्रशासन ने लगाया लॉकडाउन, बाहर से आने वालों को हुई परेशानी, दिखा असर
जोधपुर में बढ़ते कोरोना के कारण प्रशासन ने लगाया लॉकडाउन, बाहर से आने वालों को हुई परेशानी, दिखा असर

रंजन दवे, जोधपुर! शहर में लगातार मिल रहे कोरोना संक्रमितों को देखते हुए एक बार फिर से शनिवार व रविवार का लॉकडाउन शुरू किया गया है। आज लॉकडाउन के प्रथम दिन बारिश के कारण लोग घरों में रहे और अधिकांश सडक़ें सूनी दिखाई दी। डीसीपी पूर्व धर्मेंद्रसिंह यादव स्वयं लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए सडक़ पर उतरे। उन्होंने आमजन व वाहन चालकों से समझाइश भी की। यह लॉकडाउन 10 अगस्त सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान आवश्यक सेवाएं पहले लागू लॉकडाउन के समान ही जारी रहेगी।

जोधपुर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए दो दिन का लॉकडाउन शुक्रवार रात आठ बजे से ही शुरू हो गया था जो सोमवार सुबह छह बजे तक जारी रहेगा। इस लॉकडाउन में सिर्फ दूध और दवा की दुकानें ही खुली है। किराणा और सब्जी की दुकानें भी बंद रखी गई है। इधर शहर में आज सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया था ऐसे में लोग अपने घरों में ही रहे। आवश्यक काम पर जाने वाले लोग ही घरों से बाहर निकले। बारिश के दौरान कई स्थानों पर पुलिसकर्मी भी पेड़ व छप्परों के नीचे दिखाई दिए। डीसीपी पूर्व धर्मेंद्रसिंह ने बारिश के बीच जरूर गश्त की। उन्होंने पावटा चौराहा, नई सडक़ चौराहा, घंटाघर आदि स्थानों पर बनाए गए नाकों पर रूककर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही वहां से आने-जाने वाले वाहन चालकों व राहगीरों से घरों में रहने के लिए समझाइश भी की।

बाहर से आये यात्री हुए परेशान

लॉकडाउन का सबसे अधिक असर बस व रेल में आने और जाने वाले लोगों पर पड़ा। इन लोगों के लिए लॉकडाउन में छूट दी गई थी लेकिन आवागमन के साधन बंद होने के कारण ये लोग हाथों में सामान लेकर पैदल अपने गंतव्य स्थान की ओर जाते दिखाई दिए। हालांकि कुछ ऑटो शहर में चल रहे थे लेकिन उन्होंने भी मुहंमांगा किराया मांगा। सिटी बसें पूरी तरह से बंद थी। पेट्रोल पंप खुले रहे लेकिन वहां भी गिनती के लोग ही वाहनों में पेट्रोल भरवाने आए।

लॉक डाउन में ही मनेगा महिलाओं का पर्व उब छठ

इधर कजली तीज के बाद सुहागिन महिलाओं व कुंवारी कन्याओं का महत्वपूर्ण त्यौहार ऊबछठ रविवार को मनाया जाएगा ,लेकिन इस त्यौहार के दिन भी जिला प्रशासन ने लॉकडाउन लगा दिया है। ऐसे में विवाहिता और कुंवारी कन्याएं रविवार को ऊबछठ लॉकडाउन की बंदिशों में रहती हुई घरों में ही मनाएगी। ऐसी स्थिति में व्रत करने वाली महिलाएं और कन्याएं सुबह शाम मंदिरों में दर्शन भी नहीं कर पाएंगी। उबछठ के दिन महिलाएं शाम को पानी नहीं पीती है और मंदिरों में दर्शन को जाती हैं। इसके बाद रात में चांद दिखने पर उसकी पूजा कर व्रत की पारणा करती हैं, लेकिन इस बार वे कहीं पर भी नहीं आ जा सकेंगी।

chat bot
आपका साथी