हिमाचल में आज पांच जिलों के 14 स्थानों पर हिमखंड गिरने की चेतावनी

हिमाचल की ऊंची चोटियां एक बार फिर बर्फ से लकदक हो गई हैं। जिससे पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। बारिश व बर्फबारी के कारण जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Feb 2019 12:16 AM (IST) Updated:Sat, 16 Feb 2019 12:16 AM (IST)
हिमाचल में आज पांच जिलों के 14 स्थानों पर हिमखंड गिरने की चेतावनी
हिमाचल में आज पांच जिलों के 14 स्थानों पर हिमखंड गिरने की चेतावनी

जागरण टीम, शिमला/मनाली/चंबा : हिमाचल की चोटियां बर्फ से फिर लकदक हो गई हैं। इससे पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव डॉ. डीसी राणा ने 16 फरवरी को प्रदेश के पांच जिलों के 14 स्थानों पर हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की है।

एहतियात के तौर पर एडवाइजरी जारी की गई है। चंबा, लाहुल-स्पीति, कुल्लू, किन्नौर व शिमला जिलों के भारी बर्फबारी व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। लाहुल स्पीति के दारचा, पिटसू, स्पीति, झींगझींगवार, बारालाचा, केलंग, सारी, सरचू, कोठी, उदयपुर, रोहतांग टॉप, कोकसर, सिस्सू, तांदी, कुल्लू जिला में सोलंग, मनाली, धुंधी, ब्यासकुंड, नेहरूकुंड, कुलंग, पलचान, कोठी, बंजार और लेह, किलाड़ व किन्नौर को असुरक्षित घोषित किया गया है। डॉ. डीसी राणा ने कहा कि प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। लोगों को एहतियात बरतने को कहा गया है। 19 को यलो अलर्ट

हिमाचल में 16 से 21 फरवरी तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी व ओलावृष्टि और मैदानी इलाकों में बारिश की चेतावनी दी गई है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने 19 फरवरी के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 19 फरवरी को अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि व बर्फबारी हो सकती है। यलो अलर्ट का अर्थ है कि लोग मौसम से संबंधित जानकारी से अपडेट रहें। मौसम से संबंधित किसी प्रकार की मुसीबत से बचने के लिए प्रशासन व प्रचार-प्रसार माध्यमों के तहत संपर्क बनाए रखें।

मनाली में बर्फबारी, सैकड़ों सैलानी फंसे

जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल में मौसम के तीखे तेवर जारी हैं। प्रदेश में शुक्रवार को चोटियों पर बर्फबारी जबकि निचले इलाकों में बारिश हुई। प्रदेशभर में बर्फबारी के कारण 301 सड़कों पर यातायात अवरुद्ध रहा। कुल्लू जिला में रोहतांग दर्रा में भारी बर्फबारी हुई।

मनाली में आधा फीट बर्फ गिरी जबकि कई जगह भूस्खलन हुआ। मनाली में सैकड़ों सैलानी फंस गए हैं। पतलीकूहल से मनाली तक जगह-जगह भूस्खलन से यातायात बाधित रहा। 15 मील के पास एक वाहन भूस्खलन की चपेट में आ गया। एक बड़ा पत्थर गाड़ी में गिरा। हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। मंडी जिला में दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहा। ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी से 10 से अधिक सड़कें बंद रहीं जिन पर एचआरटीसी की छह बसें व निजी वाहन फंस गए। जिला चंबा के भरमौर उपमंडल में चार इंच व पांगी में दो फीट बर्फबारी हुई।

chat bot
आपका साथी