दिल्ली से लापता युवक मंडी गोबिदगढ़ में जख्मी मिला, दोनों हाथ व पैर टूटे मिले, पटियाला में मौत

दिल्ली के विष्णु गार्डन तिलक नगर निवासी युवक के लापता होने के बाद मंडी गोबिदगढ़ से मिला।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 10 Jan 2021 12:42 AM (IST) Updated:Sun, 10 Jan 2021 12:42 AM (IST)
दिल्ली से लापता युवक मंडी गोबिदगढ़ में जख्मी मिला, दोनों हाथ व पैर टूटे मिले, पटियाला में मौत
दिल्ली से लापता युवक मंडी गोबिदगढ़ में जख्मी मिला, दोनों हाथ व पैर टूटे मिले, पटियाला में मौत

जागरण संवाददाता, पटियाला : दिल्ली के विष्णु गार्डन तिलक नगर निवासी युवक के लापता होने के बाद मंडी गोबिदगढ़ से मिला। इस युवक को जख्मी हालत में मंडी गोबिदगढ़ स्थित अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। बीते शुक्रवार रात 12 बजे के बाद दाखिल हुए इस युवक के शरीर की सभी हड्डियां टूटी हुई थीं और हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत राजिदरा अस्पताल पटियाला रेफर किया गया जहां पर उसकी मौत हो गई। मरने वाले की पहचान हिम्मत सिंह (उम्र करीब 33 साल) के रूप में हुई है। हिम्मत सिंह को उसके दोस्त शुक्रवार दोपहर को घर से बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद से ही वह लापता था। मौके पर पहुंचे हिम्मत के चाचा के बेटे हरसिमरनजीत सिंह ने आरोप लगाया कि जो युवक हिम्मत को घर से बुलाकर ले गया था, उसी ने कत्ल किया है। हिम्मत सिंह की पिटाई करने के बाद मंडी गोबिदगढ़ में छोड़कर यह लोग फरार हो गए थे। यह है पूरा मामला

चचेरे भाई हरसिमरनजीत सिंह ने बताया कि हिम्मत सिंह दिल्ली में गाड़ियां खरीदने व बेचने का काम करता है जबकि पिता वस्सन सिंह परचून का कारोबार करते हैं। शुक्रवार दोपहर को हिम्मत सिंह का दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गया था। इसके कुछ देर बाद ही हिम्मत सिंह का फोन स्विच आफ हो गया। काफी कोशिश के बाद भी कोई संपर्क नहीं हो पाया। देर रात करीब 12 बजे उन्हें फोन करके बताया गया कि हिम्मत सिंह को ठिकाने लगाकर मंडी गोबिदगढ़ में फेंक दिया है और वहां से उसे उठाकर ले जाओ। बाद में पता चला कि करीब डेढ़ बजे रात को हिम्मत सिंह को मंडी गोबिदगढ़ अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। यहां से उसे राजिदरा अस्पताल में रेफर किया गया था।

चार महीने के बेटे का पिता था हिम्मत सिंह

मृतक हिम्मत सिंह के रिश्तेदारों ने बताया कि उनका पटियाला व मंडी गोबिदगढ़ में कोई रिश्तेदार नहीं है। घर से निकलते समय बोला था कि किसान आंदोलन में जाएगा। इसके बाद फोन बंद आ रहा था जबकि हिम्मत सिंह अपने चार महीने के बेटे को इतना प्यार करता था कि थोड़ी-थोड़ी देर बाद फोन करके उसके बारे में पूछता था। शुक्रवार को कई घंटे तक फोन नहीं आया तो उन्हें शक हुआ था। इस वजह से कत्ल के आरोप लगाए

मृतक के चचेरे भाई हरसिमरनजीत सिंह ने आरोप लगाया कि हिम्मत सिंह की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। लाश को देखने के बाद पता चला कि दोनों हाथ व पैरों की हड्डियों के अलावा पसलियां तक तोड़ी हुई हैं। यहां तक कि पीठ पर हमला करने व सिर पर तेजधार हथियार से वार करने के निशान मिले। इस कत्ल को आरोपितों ने एक्सीडेंट दिखाने की कोशिश की। उनकी मांग है कि आरोपितों के खिलाफ कत्ल केस दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार करें।

------------------

परिवार के बयानों पर शनिवार को पोस्टमार्टम करने के बाद शव सौंप दिया है। फिलहाल बयान दर्ज करने के बाद कार्रवाई की जा रही है।

-प्रेम सिंह, मंडी गोबिदगढ़ थाना के एसआइ

chat bot
आपका साथी