तेज रफ्तार कार की टक्कर में दो एएसआइ घायल

। चंडीगढ़ में तैनात एक पुलिस मुलाजिम ने तेज रफ्तार कार चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार दो एएसआइ को टक्कर मार दी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 11:04 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 11:04 PM (IST)
तेज रफ्तार कार की टक्कर में दो एएसआइ घायल
तेज रफ्तार कार की टक्कर में दो एएसआइ घायल

संवाद सहयोगी,मोगा

चंडीगढ़ में तैनात एक पुलिस मुलाजिम ने तेज रफ्तार कार चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार दो एएसआइ को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मथुरादास सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल दोनों ही एएसआइ डीसी की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हैं।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब सात बजे पुलिस लाइन में होने वाली परेड में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल पर सवार होकर डीसी की सुरक्षा में तैनात पंजाब पुलिस के दो एएसआइ को उनके ठीक पीछे काफी तेज रफ्तार कार दौड़ा रहे एक पुलिस मुलाजिम की कार ने टक्कर मार दी। दोनों ही मुलाजिम उस समय तक पुलिस लाइन के करीब पहुंच चुके थे। कार की टक्कर से दोनों मुलाजिम सड़क किनारे जा गिरे। उन्हें तत्काल साथी मुलाजिम एम्बुलेंस के माध्यम से मथुरादास सिविल अस्पताल ले गए। घायल एएसआइ गोविद राम ने बताया हादसा उस समय हुआ जब वे पुलिस लाइन में परेड में भाग लेने अपने साथी एएसआइ गुरमेल सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल रेस्ट हाउस के पास पहुंची तो एक बस को ओवरटेक करने प्रयास में तेज रफ्तार कार सवार ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। पता चला है कि कार चलाने वाला भी पुलिस मुलाजिम है और चंडीगढ़ में तैनात है। देरी हो जाने के कारण वह कार को तेज रफ्तार से चला रहा था। अस्पताल प्रशासन ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक कार से टक्कर मारने वाले पुलिस मुलाजिम का पता नहीं चल पाया है।

chat bot
आपका साथी