होजरी फैक्ट्री से लाखों का कपड़ा चुराते रहे सुपरवाइजर, CCTV फुटेज ने खोली पोल Ludhiana News

मालिक सुरेश गुप्ता ने कहा कि उनकी फैक्ट्री में टी-शर्ट का कपड़ा तैयार होता है। पिछले काफी समय से उन्हें स्टॉक कम होने को लेकर शक था।

By Vikas_KumarEdited By: Publish:Fri, 06 Mar 2020 02:07 PM (IST) Updated:Fri, 06 Mar 2020 02:07 PM (IST)
होजरी फैक्ट्री से लाखों का कपड़ा चुराते रहे सुपरवाइजर, CCTV फुटेज ने खोली पोल Ludhiana News
होजरी फैक्ट्री से लाखों का कपड़ा चुराते रहे सुपरवाइजर, CCTV फुटेज ने खोली पोल Ludhiana News

लुधियाना, जेएनएन। शिवपुरी इलाके की हौजरी फैक्ट्री में काम करने वाले दो लोगों पर लाखों का कपड़ा चोरी करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपित चोरी का कपड़ा आगे एक व्यक्ति को बेच देते थे। उनकी करतूत का कभी पता न चलता, अगर फैक्ट्री में सीसीटीवी कैमरे न लगे होते। अब थाना डिवीजन नंबर-4 पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज करके दो लोगों को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। 

एएसआई वरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान सुभाष नगर निवासी अंकुश, बंदा बहादुर नगर निवासी नागेश तिवारी तथा टिब्बा रोड की संधू कॉलोनी निवासी नदीम के रूप में हुई। पुलिस ने टैगोर नगर निवासी सुरेश गुप्ता की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि शिवपुरी में उसकी राजिंदर गुप्ता एंड संस के नाम से हौजरी फैक्ट्री है। नागेश पिछले 20 साल और अंकुश 5 साल से वहां सुपरविजन व देखभाल का काम करते आ रहे हैं। तीसरा आरोपित नदीम उनकी फैक्ट्री से वेस्टेज (कपड़े की खोह) उठाया करता था, जिससे उन तीनों की आपस में दोस्ती थी। नदीम का ताजपुर रोड जेल के पास कहीं गोदाम है। 

इस तरह खुली पोल

मालिक सुरेश गुप्ता ने कहा कि उनकी फैक्ट्री में टी-शर्ट का कपड़ा तैयार होता है। पिछले काफी समय से उन्हें स्टॉक कम होने को लेकर शक था। दो मार्च की शाम उन्होंने फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को लगातार पांच घंटे चेक किया। फैक्ट्री से जिन पार्टियों को कपड़ा भेजा गया था। उन सब पार्टियों की गाड़ियां उनकी पहचानी हुई थी। मगर शाम 7.45 बजे एक छोटा हाथी टेंपो अंदर आया। अंकुश और नागेश ने उस पर कपड़ा लोड कराया और रवाना कर दिया। उस टेंपो के बारे में उन्हें शक हुआ। तीन मार्च की सुबह उन्होंने अंकुश और नागेश को बुलाकर उस टेंपो के बारे में पूछताछ की। पहले दोनों झूठ बाेल कर उन्हें टालते रहे। मगर बाद में दोनों ने कबूल कर लिया कि टेंपो नदीम का था। फैक्ट्री से कपड़ा चोरी करके उन लोगों ने नदीम के गोदाम भेजा है। मगर दोनों ने यह बात नहीं कबूली कि वो अब तक कितनी बार चोरी कर चुके हैं। 

तीसरे आरोपित की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी

सुरेश गुप्ता ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में टेंपो पर लिखा ड्राइवर का मोबाइल नंबर मिल गया। जिसके आधार पर पुलिस ने उसे काबू करके पूछताछ की तो उसने बताया कि वो अब तक 12 बार माल लेकर जा चुका है। सुरेश गुप्ता के अनुसार उक्त टेंपो में एक बार में एक लाख रुपये का कपड़ा जाता रहा है। जिसके लिहाज से उनका करीब 12 से 15 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है। एएसआई जनक राज ने कहा कि आरोपित नदीम की तलाश में रेड की जा रही है। जल्दी ही उसे भी काबू कर लिया जाएगा। 

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें  

chat bot
आपका साथी