मोबाइल झपट भागे लुटेरों में एक को पकड़ा तो दूसरे ने चलाई गोली, वर्कर की बाजू को पार कर झपटमार के साथी को ही जा लगी

ढिल्लों कॉलोनी में वीरवार को दिनदहाड़े व्यक्ति का मोबाइल लूटने आए एक झपटमार ने गोली चला दी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Nov 2019 06:30 AM (IST) Updated:Fri, 15 Nov 2019 06:30 AM (IST)
मोबाइल झपट भागे लुटेरों में एक को पकड़ा तो दूसरे ने चलाई गोली, वर्कर की बाजू को पार कर झपटमार के साथी को ही जा लगी
मोबाइल झपट भागे लुटेरों में एक को पकड़ा तो दूसरे ने चलाई गोली, वर्कर की बाजू को पार कर झपटमार के साथी को ही जा लगी

जासं, लुधियाना : लोहारा के महादेव नगर स्थित ढिल्लों कॉलोनी में वीरवार को दिनदहाड़े व्यक्ति का मोबाइल लूटने आए एक झपटमार ने गोली चला दी। गोली व्यक्ति की बाजू से आर-पार होते हुए दूसरे झपटमार की बाजू में जा लगी। घटना के बाद दोनों बदमाश फरार हो गए। दोपहर बाद पुलिस ने घायल बदमाश को काबू कर लिया। वहीं दूसरे की तलाश की जा रही है। एसएचओ साहनेवाल इंद्रजीत ने बताया कि बदमाश की पहचान सतगुरु नगर निवासी सतनाम सिंह के रूप में हुई, जबकि फरार बदमाश जसपाल बांगड़ निवासी गुरदीप सिंह उर्फ दीपा है।

घटना वीरवार सुबह 11.30 बजे की है। महादेव नगर निवासी सुमई गौतम अपने साथी सूरज के साथ नाइट शिफ्ट की ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। दोनों ढिल्लों कॉलोनी के पास सुनसान जगह पर पहुंचे। उसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो झपटमारों ने उन्हें घेर लिया। सूरज किसी तरह से खुद को बचाते हुए भाग निकला, मगर झपटमारों ने सुमई गौतम का मोबाइल छीन लिया। जैसे ही दोनों भागने लगे, शोर मचाते हुए सुमई उनमें से एक सतनाम सिंह के साथ भिड़ गया। सुमई का शोर सुन कर सामने के घर में रहने वाला चंद्रभान लाठी लेकर बाहर निकला और उसने दोनों झपटमारों को ललकारा।

चंद्रभान को देख दूसरे बदमाश गुरदीप सिंह ने पिस्टल निकाल कर उसकी तरफ फायर कर दिया, मगर वो फायर पिस्टल में ही अटक गया। दूसरी ओर सुमई सतनाम सिंह को छोड़ नहीं रहा था। उसे छुड़ाने के लिए जैसे ही गुरदीप सिंह सुमई की ओर बढ़ा, उसके हाथ में पकड़े पिस्टल में से गोली चल गई। जो सुमई की बायीं बाजू से आर-पार होते हुए सतनाम सिंह के बाजू में जा घुसी। लोगों ने घायल सुमई को सिविल अस्पताल भेजा, मगर वहां से उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला गोंडा के गांव पटखोली का रहने वाला सुमई गौतम यहां महादेव नगर के मनोज पांडे के बेहड़े में रहता है। फिलहाल सुमई का मोबाइल उसे मिल गया है। डेहलों सिविल अस्पताल से किया काबू

पुलिस को प्रत्यक्षदर्शी चंद्रभान ने बताया कि लुटेरों में से एक को भी गोली लगी है। उसे इलाज के लिए किसी अस्पताल में जरूर ले जाया जाएगा। इस बात का पता चलते ही पुलिस ने अपने सभी सूत्रों को एक्टिव कर दिया। दोपहर बाद पुलिस को सूचना मिली कि सतगुरु नगर निवासी सतनाम सिंह को डेहलों के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी बाजू में गोली लगी है। पता चलते ही पुलिस ने वहां पहुंच कर उसे हिरासत में ले लिया और इलाज के लिए लुधियाना सिविल अस्पताल में भर्ती करा दिया। सतनाम के परिवार का आरोप है कि देर शाम समाचार लिखे जाने तक उसकी बाजू में धंसी गोली को निकाला नहीं गया था, जबकि एक्स-रे में साफ आया है कि गोली उसकी बाजू में फंसी हुई है। बहन से बोला झपटमार, मेरे साथ लूट हो गई है

वारदात में विफल होने और सतनाम के घायल होने पर गुरदीप सिंह एक दम घबरा गया। वो उसे डॉक्टर के पास ले जाने की बजाय उसी इलाके में रहने वाली उसकी बहन के घर छोड़ कर फरार हो गया। सतनाम ने अपनी बहन को झूठ बताया कि उसके साथ लूट की वारदात हो गई है। उसे लूटने वाले बदमाश उसे गोली मार कर फरार हो गए हैं। भाई को लहुलुहान देख तथा उसकी बातों में आई बहन उसे इलाज के लिए डेहलों के सरकारी अस्पताल ले गई, मगर वहां पहुंचते ही सतनाम के झूठ का भांडा फूट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे काबू कर लिया। मेडिकल स्टोर मालिक पर भी चलाई थी गोलियां

एसीपी वढेरा ने बताया कि एक महीना पहले ग्यासपुरा के ईस्टमैन चौक स्थित एमसी मेडिकल स्टोर के मालिक पर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने गोलियां चलाई थी। वो वारदात भी सतनाम व गुरदीप सिंह ने की थी। लूट के लिए गए दोनों बदमाशों का मेडिकल स्टोर मालिक ने विरोध किया था। जिस पर बदमाशों ने उस पर दो फायर कर दिए थे। उनमें से एक गोली उसकी जांघ में लगी थी।

chat bot
आपका साथी