लुधियाना में पत्नी को लेने जा रहे बाइक सवार युवक को लूटने वाले दो बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे

मनोज कुमार ने बताया कि 12 अक्टूबर को वह अपनी बाइक पर सवार होकर अपनी पत्नी को गांव कनेज से लेने जा रहा था। इस दौरान दो आरोपितों ने उसका मोबाइल फोन पर्स व मोटरसाइकिल छीन लिया और फरार हो गए।

By Rohit KumarEdited By: Publish:Sat, 28 Nov 2020 04:25 PM (IST) Updated:Sat, 28 Nov 2020 04:25 PM (IST)
लुधियाना में पत्नी को लेने जा रहे बाइक सवार युवक को लूटने वाले दो बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे
आरोपितों की पहचान गांव पहाड़ूवाल निवासी गुरिंदर सिंह व कमिकर सिंह के रूप में हुई है।

लुधियाना, जेएनएन। पत्नी को लेने जा रहे युवक से लूट करने वाले दो आरोपितों को थाना साहनेवाल की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान गांव पहाड़ूवाल निवासी गुरिंदर सिंह व कमिकर सिंह के रूप में हुई है। यह मामला थाना साहनेवाल की पुलिस ने गरचा कालोनी नंदपुर साहनेवाल के रहने वाले मनोज कुमार के बयान पर दर्ज किया है।

मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 अक्टूबर को वह अपनी बाइक पर सवार होकर अपनी पत्नी को गांव कनेज से लेने जा रहा था। जब वह गांव कनेज कट के समीप पहुंचा तो वहां दोनों आरोपितों ने उसे रोक लिया और धमकाकर उसका मोबाइल फोन, पर्स जिसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड व एटीएम थे व उसका मोटरसाइकिल छीन लिया और फरार हो गए। जिसके बाद उसने शिकायत पुलिस को दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपितों को ट्रेस कर लिया और उन्हें गिरफ्तार करके पूछताछ शुरू कर दी।

आटो में बैठी महिला का मोबाइल चोरी

लुधियाना। भारत नगर चौक से आटो में सवार होकर घर जा रही एक महिला के पर्स से दो अज्ञात महिलाओं ने मोबाइल चोरी कर लिया। थाना हैबोवाल की पुलिस ने दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता गोलक विहार कालोनी हैबोवाल निवासी सुदर्शन बजाज ने बताया कि 27 नवंबर को वह भारत नगर चौक से एक आटो में सवार होकर अपने घर जा रही थी। आटो में दो महिला उसके साथ बैठी थी। जिन्होंने बातों में लगाकर उसके पास से मोबाइल चोरी कर लिया। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि जब वह आटो से उतरी तो उसे पता लगा कि उसके पर्स से मोबाइल फोन चोरी हो चुका है। उसने थाना हैबोवाल की पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज

आशियाना कालोनी के रहने वाले एक युवक के घर से रात के समय मोबाइल चोरी हो गया। जांच के बाद थाना हैबोवाल की पुलिस ने अमन नगर के रहने वाले रणजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आशियाना कालोनी गांव हुसैनपुरा के रहने वाले शिकायतकर्ता खुशीराम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 24 नवंबर की रात वह अपना मोबाइल अपने बैड पर रख कर सो गया। जब सुबह उठकर देखा तो मोबाइल वहां से चोरी हो चुका था। जिसके बाद शिकायत पुलिस को दी गई।

गुरुद्वारा साहिब की गोलक से पैसे चोरी करते एक गिरफ्तार

लुधियाना। जीके स्टेट चंडीगढ़ रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब की गोलक से पैसे चोरी करते एक युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस ने अशोक नगर के रहने वाले आरोपित संदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। गांव कडियाणा के रहने वाले सुखविंदर सिंह ने बताया कि वह जीके स्टेट चंडीगढ़ रोड स्थित गुरुद्वारा नानक निवास में ग्रंथी हैं।

उन्होंने बताया कि 27 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने कमरे में थे। जहां उन्होंने सीसीटीवी कैमरे में देखा कि एक व्यक्ति गुरुद्वारा साहिब के अंदर दाखिल होकर बैक साइड में लगे कैमरे पर रूमाल डाल रहा है। जिसके बाद वह गुरुद्वारा साहिब के अंदर गए तो देखा आरोपित गुरुद्वारा साहिब की गोलक को पलटा कर पैसे चोरी करने की कोशिश कर रहा था। जिसे मौके से काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज करके पूछताछ की जा रही है।

chat bot
आपका साथी