राजीव और इंदिरा गांधी की प्रतिमाओं की बढ़ाई सुरक्षा, कांग्रेस समर्थक भी दे रहे पहरा

शिअद नेता राजीव गांधी और इंदिरा गांधी की प्रतिमाओं को काला करने के लिए काली स्याही लेकर घूम रहे हैं। प्रतिमाओं को बचाने के लिए सिक्योरिटी लगानी शुरू कर दी है।

By Sat PaulEdited By: Publish:Fri, 28 Dec 2018 02:07 PM (IST) Updated:Fri, 28 Dec 2018 02:07 PM (IST)
राजीव और इंदिरा गांधी की प्रतिमाओं की बढ़ाई सुरक्षा, कांग्रेस समर्थक भी दे रहे पहरा
राजीव और इंदिरा गांधी की प्रतिमाओं की बढ़ाई सुरक्षा, कांग्रेस समर्थक भी दे रहे पहरा

लुधियाना, [अर्शदीप समर]। यूथ अकाली दल के नेता गुरदीप सिंह गोशा और स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया के मालवा प्रधान मीतपाल सिंह दुगरी की ओर से राजीव गांधी की प्रतिमा पर स्याही लगाने के बाद पूरे पंजाब में राजनीति तेज हो गई है। अकाली दल द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और इंदिरा गांधी की प्रतिमाएं हटाने के एलान के बाद शिअद समर्थकों ने मुहिम को तेज कर दिया है। शिअद नेता राजीव गांधी और इंदिरा गांधी की प्रतिमाओं को काला करने के लिए काली स्याही लेकर घूम रहे हैं। वहीं इन प्रतिमाओं को बचाने के लिए कांग्रेस समर्थकों ने सिक्योरिटी लगानी शुरू कर दी है। कांग्रेस समर्थक प्रतिमा के आसपास रहते हैं, ताकि कोई भी शिअद समर्थक नुकसान न पहुंचा सके। पुलिस ने भी प्रतिमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी है।

कांग्रेस भवन में लगे इंदिरा गांधी के बूथ की भी बढ़ी सुरक्षा

कांग्रेस भवन में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा लगाने को लेकर भी करीब एक साल पहले शिअद और कांग्रेस में विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग घंटा घर के नजदीक इकट्ठा हो गए थे और पुलिस ने बीच-बचाव कर झगड़ा खत्म करवाया था। बाद में कांग्रेसियों ने कांग्रेस भवन में इंदिरा गांधी की प्रतिमा को लगा लिया था। पुलिस ने अब कांग्रेस भवन में लगी इंदिरा गांधी की प्रतिमा के आसपास सुरक्षा लगा दी है।

पंजाब से हटनी चाहिए राजीव और इंदिरा की प्रतिमाएं: ढिल्लों

साहनेवाल विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के सलाहकार महेश इंद्र सिंह ग्रेवाल ने कहा कि 84 के कत्लेआम का मुख्य कारण पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ही थे। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने श्री दरबार साहिब में आर्मी को घुसने की इजाजत दी, जिसके बाद से पंजाब का माहौल खराब हो गया। उन्होंने कहा कि इन दोनों की प्रतिमाओं को पंजाब में से हटा देना चाहिए।

प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : सांसद बिट्टू

सांसद रवनीत सिंह बिïट्टू ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए कुर्बानी दे दी।अगर किसी भी व्यक्ति ने इन महान लोगों की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा को लेकर बढ़ा दी पीसीआर गश्त : डीसीपी कपूर

डीसीपी अश्वनी कपूर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और इंदिरा गांधी की प्रतिमाओं को लेकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, ताकि कोई भी शरारती व्यक्ति नुकसान न पहुंचा सके।शहर में सुरक्षा व्यवस्था को पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

प्रतिमा पर कालिख पोतना कायरता: बरजिंदर कौर

दुगरी स्थित वार्ड 45 कौंसलर बरजिंदर कौर का कहना है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा पर अकाली पार्टी के शरारती तत्वों द्वारा कालिख पोतना कायरता वाला काम है। गुरदीप सिंह गोशा व मीतपाल दुगरी की यह करतूत निंदनीय है। इससे कांग्रेसी समर्थकों में रोष है। ऐसा काम करने वाले आरोपितों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस दौरान उनके साथ जसमिंदर सिंह, शशि सूद, अमन बत्ता, बलजिंदर सिंह काका, अवतार सिंह, विमल, अंजू, सरबजीत कौर, शिखा लेखी, जसविंदर कौर उपस्थित थे।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

chat bot
आपका साथी