स्मार्ट सिटी में अब नहीं दिखेंगे भिखारी, घर वापसी के लिए पुलिस ने छेड़ा यह अभियान

भिखारियों को घर वापस भेजने के लिए पुलिस इनकी टिकटें बुक करवाएगी। एनजीओ की मदद के साथ उन्हें घर जाते समय राशन भी दिया जाएगा।

By Sat PaulEdited By: Publish:Wed, 05 Dec 2018 12:23 PM (IST) Updated:Wed, 05 Dec 2018 03:24 PM (IST)
स्मार्ट सिटी में अब नहीं दिखेंगे भिखारी, घर वापसी के लिए पुलिस ने छेड़ा यह अभियान
स्मार्ट सिटी में अब नहीं दिखेंगे भिखारी, घर वापसी के लिए पुलिस ने छेड़ा यह अभियान

[लुधियाना, अर्शदीप समर] स्मार्ट सिटी में अब भिखारी देखने को नहीं मिलेंगे। पुलिस ने लोगों को भिखारियों से राहत दिलाने के लिए कसरत तेज कर दी है। भिखारियों के खिलाफ मंगलवार की शाम पुलिस की टीमों ने तीन चौराहों पर अभियान चलाया। दैनिक जागरण में लगातार भिखारियों के मुद्दे को उठाने के बाद थाना डिवीजन नंबर पांच की पुलिस ने एसएचओ जतिंदर सिंह की अगुवाई में भारत नगर चौक, दुर्गा माता मंदिर चौक और भाई बाला चौक में भीख मांगने वाले लोगों को उठा लिया। इस दौरान पुलिस ने इन भिखारियों से उनके मूल पते के बारे में पूछा। पुलिस ने इस सभी भिखारियों के मूल पते नोट करने के बाद इनकी घर वापसी की तैयारी शुरू कर दी है।

पुलिस की तरफ से कुछ एनजीओ के साथ लेकर इन भिखारियों की घर वापसी की टिकटें करवाई जाएंगी और उन्हें वापस घर भेजा जाएगा। इसके साथ ही पुलिस ने इन भिखारियों को चेतावनी दे दी है कि अगर दोबारा शहर में भीख मांगते व लोगों को परेशान करते नजर आए तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। बता दें कि सोमवार को सांसद रवनीत सिंह बिट्टू और कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु ने आश्वासन दिया था कि शहर को भिखारियों से मुक्त किया जाएगा। इसके लिए वह पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल और डीसी प्रदीप अग्रवाल से बातचीत भी करेंगे।

पुलिस ने माफिया के बारे में भी भिखारियों से पूछा

भिखारियों पर शिकंजा कसने के लिए थाना नंबर 5 की तीन टीमें एक साथ तीनों चौकों में पहुंच गई और 40 के करीब भिखारियों को उठा लिया। इनमें बुजुर्ग से लेकर बच्चे तक शामिल थे। पुलिस ने उनसे भिखारियों के माफिया के बारे में भी पूछताछ की। पुलिस ने सभी भिखारियों को सुबह दोबारा थाने में आने के लिए कहा है क्योंकि उसके बाद जिस राज्य और जिले के वह रहने वाले हैं, उन्हें वापस घर भेजा जाएगा। पुलिस ने कहा कि घर जाने के बाद वह भीख मांगने की बजाय कोई कामकाज करें।

घर वापसी के समय पुलिस देगी भिखारियों को राशन

भिखारियों को घर वापस भेजने के लिए पुलिस इनकी टिकटें करवाएगी। उसके साथ ही कुछ एनजीओ की मदद के साथ उन्हें घर जाते समय राशन भी दिया जाएगा ताकि घर पहुंचते ही उन्हें खाने की समस्या न हो और कुछ दिन बाद काम ढूंढ कर खुद कमाई कर सकें। इसके लिए पुलिस ने कुछ एनजीओ से भी संपर्क कर लिया है। इसके अलावा पुलिस की टीमें लगातार इन चौक में निगरानी रखेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति अगर भीख मांगेगा तो उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

शहर को भिखारियों से दिलाएंगे निजात : एसएचओ

थाना नंबर पांच के एसएचओ जतिंदर सिंह ने कहा कि शहर को भिखारियों से निजात दिलवाने के लिए पुलिस की तरफ से मुहिम छेड़ी गई है। उन्होंने कहा कि भिखारियों को भी उनके घर वापस भेजा जाएगा। इसके लिए पुलिस की एक टीम इन भिखारियों के मूल पतों के बारे में पता कर रही है ताकि घर वापस जाकर वह कोई कामकाज कर सकें। इसके लिए कुछ एनजीओ की मदद भी ली जाएगी।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

chat bot
आपका साथी