मोगा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी फिल्म अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका, पार्टी अभी तय नहीं

फिल्म अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका सूद मोगा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी। यह जानकारी खुद सोनू सूद ने दी है। हालांकि मालविका किस दल से चुनाव लड़ेंगी अभी सोनू सूद ने इसका खुलासा नहीं किया है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sun, 14 Nov 2021 11:48 AM (IST) Updated:Sun, 14 Nov 2021 12:02 PM (IST)
मोगा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी फिल्म अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका, पार्टी अभी तय नहीं
फिल्म अभिनेत्रा सोनू सूद व उनकी बहन मालविका की फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, मोगा। फिल्म अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका सूद मोगा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। अभी यह तय नहीं है कि मालविका किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगी। इसके बारे में 10 दिन बाद पता चलेगा। यह जानकारी खुद सोनू सूद ने अपने निवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए दी।

बता दें, कोरोना काल में अपने जनहित के कार्यों के कारण प्रसिद्धि प्राप्त करने के बाद सोनू सूद ने खासी चर्चाएं बटोरी। पिछले दिनों सोनू सूद के आम आदमी पार्टी में जाने की चर्चा भी खूब गरमाई। वहीं, गत दिवस सोनू सूद के आवास पर दिनभर गहमागहमी रही। शनिवार सुबह से तैनात भारी सुरक्षा बल और कई अफसरों के पहुंचने से तरह-तरह की अटकलों का दौर चलता रहा है। पहले जब भी सोनू सूद मोगा आते थे तो इतनी गहमागहमी नहीं होती थी। एक दिन पहले मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी से मुलाकात और शनिवार को पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के आने की चर्चा से कांग्रेस नेताओं में भी बेचैनी देखी गई।

सोनू सूद के आवास पर शनिवार सुबह से भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया था। सुबह सबसे पहले एसएसपी सुरिंदर जीत सिंह मंड सोनू सूद के निवास पर पहुंचे, काफी देर तक वह घर के अंदर रहे। उनके जाने के बाद एक बड़े प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे, हालांकि वह कौन थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई। इसके बाद शाम तक एसपी, डीएसपी के मिलने का सिलसिला जारी रहा। बड़ी संख्या में सुरक्षा बल लगे होने के बीच अधिकारियों के लगातार आने जाने का सिलसिला तो चलता रहा लेकिन मीडिया की एंट्री नहीं थी।

इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिद्धू के भी आने की चर्चा चली। दोपहर में कांग्रेस नेताओं के फोन भी मीडिया को आने लगे कि सिद्धू सोनू सूद के घर कितने बजे तक पहुंच रहे हैं। कांग्रेस नेताओं की इस बेचैनी के बाद सिद्धू के आने की अटकलें पूरे दिन चलती रहीं। इन अटकलों को इसलिए भी बल मिला क्योंकि सोनू सूद ने एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ मुलाकात की थी। हालांकि इस मुलाकात के बाद से पहले सोनू सूद के आम आदमी पार्टी में जाने की अटकलें लगाई जा रहीं थींं।

उधर, शाम करीब पांच बजे जब डीएसपी सिटी जशनदीप सिंह सोनू सूद के आवास से बाहर निकलकर मीडिया के सामने आए और कहा कि कोई वीआइपी नहीं आ रहा है। वह भी सोनू सूद से मिलने आए थे। इसके बाद सिद्धू के आने की चर्चा तो खत्म हुई लेकिन डीएसपी सिटी इस बात का जबाव नहीं दे पाए कि सोनू के आवास पर इतना सुरक्षा बल क्यों लगाया गया। इस बीच जब डीएसपी चले गए तो मीडिया को संदेश आ गया कि सोनू सूद रविवार सुबह 10 बजे मीडिया से अपनी फाउंडेशन के कार्यकलापों के संबंध में बात करेंगे।

chat bot
आपका साथी