किसान नेता बोले- केंद्र से मिली है पंजाब सरकार, कर रही सिर्फ दिखावे की बातें

किसान नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने पंजाब सरकार पर केंद्र से मिले होने का आरोप लगाया। कहा कि पंजाब सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है। किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने भी पंजाब सरकार पर आरोप लगाए हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 31 May 2021 09:47 AM (IST) Updated:Mon, 31 May 2021 09:47 AM (IST)
किसान नेता बोले- केंद्र से मिली है पंजाब सरकार, कर रही सिर्फ दिखावे की बातें
जोगिंदर सिंह उगराहां व बलबीर सिंह राजेवाल। फाइल फोटो

जेएनएन, पटियाला। भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के प्रधान जोगिंदर सिंह उगराहां का कहना है कि किसान संगंठनों की ओर से केंद्र सरकार को लिखे पत्र का जवाब अब तक नहीं आया है। ऐसे में तीन कृषि कानूनों को लेकर चल रहा विवाद वहीं का वहीं है। उगराहां यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उनके साथ बलवीर सिंह राजेवाल भी मौजूद थे।

उगराहां ने पंजाब सरकार पर आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार भी केंद्र सरकार से मिली हुई है। भले ही राज्य की कांग्रेस सरकार कह रही है कि वो केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ है तो राज्य में अकाली दल की सरकार के समय बनाए गए कृषि कानूनों को अब तक रद क्यों नहीं किया। यह सिर्फ दिखावे की बातें हैं जिससे किसानों को बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता।

बलवीर सिंह राजेवाल से सवाल पूछा गया कि क्या अब किसान संगठन केंद्र सरकार से सीधे टक्कर लेने के लिए चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसके जवाब में राजेवाल ने कहा कि फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है। वे संघर्ष के जरिए ही अपना हक लेंगे। इस दौरान उगराहां ने कहा कि पंजाब सरकार कोविड से लड़ने के लिए इंतजाम करने में विफल रही है। पंजाब में सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं हैं और प्राइवेट अस्पतालों में लूट मची हुई है। लाखों रुपये के बिल बनाकर मरीजों के परिजनों को लूटा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कोविड के नियमों का पालन करते हुए आज पटियाला में धरना प्रदर्शन जारी है और यहां पर आने वाले सभी सदस्यों को कोरोना से बचाव के लिए नियमों का पालन करने को कहा जा रहा है। रविवार को किसान यूनियन एकता उगराहां का गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब के समक्ष पुडा मैदान में जारी तीन दिवसीय धरने का अंतिम दिन था। अंतिम दिन भी किसानों नो कोविड-19 की गाइडलाइंस का पालन करते हुए प्रदर्शन किया।

chat bot
आपका साथी