Punjab Congress Crisis: कैप्टन पर राजा वड़िंग का तंज, भाजपा से हाथ मिलने की न करें गलती, सारी उम्र पछताएंगे

वड़िंग ने कहा कि पूर्व कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साढ़े नौ वर्ष तक बतौर मुख्यमंत्री पंजाब में कांग्रेस सरकार का नेतृत्व किया है। पहली बार हुआ है कि इतने लंबे समय तक मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी अमरिंदर सिंह को निभाने का मौका पार्टी ने दिया है।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Fri, 01 Oct 2021 11:58 AM (IST) Updated:Fri, 01 Oct 2021 12:08 PM (IST)
Punjab Congress Crisis: कैप्टन पर राजा वड़िंग का तंज, भाजपा से हाथ मिलने की न करें गलती, सारी उम्र पछताएंगे
संगरूर के बस स्टैंड पर ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग लोगों से मुलाकात करते हुए।

जागरण संवाददाता, संगरूर। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा कांग्रेस पार्टी छोड़ने और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात पर नए ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह को सलाह दी कि वह ऐसा कोई कदम न उठाएं। अन्यथा उन्हें व उनके परिवार को न केवल ताउम्र पछताना पड़ेगा, बल्कि पंजाब की जनता, पंजाब का बच्चा-बच्चा उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।

ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शुक्रवार को पीआरटीसी संगरूर डिपो बस स्टैंड का दौरा करने पहुंचे थे। यहां पत्रकारों से बातचीत दौरान वड़िंग ने कहा कि पूर्व कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साढ़े नौ वर्ष तक बतौर मुख्यमंत्री पंजाब में कांग्रेस सरकार का नेतृत्व किया है। कांग्रेस ने पहली बार इतने लंबे समय तक उन्हें मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी निभाने का मौका दिया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि वह कांग्रेस पार्टी में नहीं रहेंगे। वह गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करके आए हैं। आज के समय में भाजपा के किसी नेता या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलना पंजाब की जनता को कतई गंवारा नहीं है। भाजपा के कारण ही आज पंजाब का किसान सड़कों पर कई महीनों से संघर्ष करने को मजबूर है। सैकड़ों किसानों की मौत हो चुकी है।

संगरूर के बस स्टैंड पर बातचीत करते हुए ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग। उनके साथ नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन नरेश गाबा (बाएं), कांग्रेस के सीनियर नेता हरमनदेव बाजवा (दाएं)।

कैप्टन ने कोई वादा पूरा नहीं किया

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग पहले ही बेहद उदास व परेशान हैं क्योंकि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कोई वादा पूरा नहीं किया था। अब भाजपा अफवाहें उड़ा रही है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह को राज्यसभा के रास्ते कृषि मंत्री बना देंगे व फिर कृषि कानून वापस ले लेंगे। साफ है कि पहले ही कैप्टन अमरिंदर सिंह व भाजपा के बीच मिलीभगत थी। पहले क्यों कृषि कानून वापस नहीं लिए गए।

पीपीसीसी पद से नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे पर वड़िंग ने कहा कि यह कांग्रेस परिवार का आपसी मामला है। गिले-शिकवे चचलते हैं लेकिन जल्द ही इसे हल कर लिया जाएगा। नवजोत सिंह सिद्धू हमेशा कांग्रेस पार्टी के साथ हैं व आगे भी बने रहेंगे।

15 दिन में ट्रांसपोर्ट माफिया को उखाड़ फेंकेंगे

परिवहन मंत्री ने कहा कि अगले 15 दिनों के भीतर ट्रांसपोर्ट माफिया को उखाड़ फेंकेंगे। किसी ट्रांसपोर्टर के साथ कोई धक्केशाही नहीं की जाएगी लेकिन माफिया बनकर बैठे ट्रांसपोर्टरों को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। वह दो दिन से लगातार दौरे पर निकले हुए हैं। वह हर शहर, हर जिले का दौरा करेंगे व बारीकी से हर समस्या का समाधान भी करेंगे। रोडवेज के बेड़े में जल्द ही 400 सौ से अधिक नई बसें भी शामिल की जाएंगी। कच्चे मुलाजिमों की समस्याओं का हल भी जल्द किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी