शिवसेना नेता पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में केस दर्ज, लोगों ने किया प्रदर्शन

धरनाकारियों ने धरना देते समय कोरोना के लिए बनाए गए नियमों की भी सरेआम अनदेखी की। देर रात पुलिस ने धरना दे रहे लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया।

By Vikas_KumarEdited By: Publish:Wed, 12 Aug 2020 10:52 AM (IST) Updated:Wed, 12 Aug 2020 10:52 AM (IST)
शिवसेना नेता पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में केस दर्ज, लोगों ने किया प्रदर्शन
शिवसेना नेता पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में केस दर्ज, लोगों ने किया प्रदर्शन

जालंधर, जेएनएन। शिवसेना हिंद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संदीप पाहवा के खिलाफ मंगलवार को थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने धार्मिक भावनाएं भड़काने का केस दर्ज किया। मामला दर्ज होने के बाद संदीप पाहवा के समर्थन में आए शिव सेना हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ईशांत शर्मा ने सैकड़ों लोगों के साथ मिलकर थाना भार्गव कैंप के बाहर धरना प्रदर्शन किया। धरना दे रहे लोगों ने पंजाब पुलिस और गो सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन कीमती भगत के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप था कि कीमती भगत जात-पात के नाम पर लोगों को भड़का रहे हैं और फूट डलवा रहे हैं।

धरने की अगुआई कर रहे ईशांत शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले एक ऑडियो वायरल हुई थी। कहा जा रहा था कि संदीप पाहवा ने एक धार्मिक समुदाय के खिलाफ अपशब्द कहे। उन्होंने कहा कि ऑडियो के साथ छेड़छाड़ करके पाहवा को झूठे केस में फंसाया गया है। पुलिस भी राजनीतिक दबाव में पर्चा दर्ज कर रही है। उन्होंने पाहवा को साथ में बिठाकर कहा कि यदि उनकी गिरफ्तारी करनी है तो धरने में मौजूद सैकड़ों लोग अपनी गिरफ्तारी देंगे। धरनाकारियों ने धरना देते समय कोरोना के लिए बनाए गए नियमों की भी सरेआम अनदेखी की। देर रात पुलिस ने धरना दे रहे लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया।

समाज को बचाने के लिए विवाद को नहीं बढ़ाना चाहता : कीमती भगत

गौ सेवा कमिशन के पूर्व चेयरमैन कीमती भगत ने कहा कि एक ऑडियो वायरल हुई थी जिसमें संदीप पाहवा एक समुदाय को जातिसूचक शब्द कह रहे हैं। समुदाय के लोगों ने शिकायत की थी जिसके बाद पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज किया था। भगत ने कहा कि वह समाज को एकजुट देखना चाहते हैं और विवाद नहीं बढ़ाना चाहते। जिसके खिलाफ शिकायत हुई और मामला दर्ज हुआ उसके समर्थन में कुछ लोग आए थे और उसने भी यही कहा गया है कि समाज एकजुट ही रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि वो समझौता करते हैं तो वह भी समाज की खातिर बिना किसी विवाद के समझौता करने के लिए तैयार हैं।

धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में संदीप पाहवा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उसके समर्थन में आए लोगों ने मामले की जांच करने की मांग की थी। उन्हें जांच का आश्वासन दिया है। धरना देने वालों के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया गया है।

बरजिंदर सिंह, एसीपी वेस्ट

chat bot
आपका साथी