स्वतंत्रता दिवस को लेकर अलर्ट मोड पर फाजिल्का पुलिस
स्वतंत्रता दिवस नजदीक आते ही पुलिस विभाग एक बार फिर से अलर्ट मोड़ पर आ गया है। फाजिल्का के सरहदी क्षेत्र होने के चलते पुलिस की ओर से जहां जगह-जगह पर नाकाबंदी करके वाहनों की जांच की जा रही है।
![स्वतंत्रता दिवस को लेकर अलर्ट मोड पर फाजिल्का पुलिस](https://www.jagranimages.com/images/newimg/05082021/05_08_2021-05fzk_6_05082021_388-c-2_21899304_222212_m.webp)
संवाद सूत्र, फाजिल्का : स्वतंत्रता दिवस नजदीक आते ही पुलिस विभाग एक बार फिर से अलर्ट मोड़ पर आ गया है। फाजिल्का के सरहदी क्षेत्र होने के चलते पुलिस की ओर से जहां जगह-जगह पर नाकाबंदी करके वाहनों की जांच की जा रही है। वहीं सार्वजनिक जगहों पर भी चेकिग अभियान जारी है। वीरवार को भी एसएसपी फाजिल्का के आदेश अनुसार डीएसपी जसवीर सिंह पन्नू की अगुवाई में लगातार थाना सिटी पुलिस रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटलों व सार्वजनिक जगहों पर मौजूद लोगों की जांच कर रही है। साथ ही होटल संचालकों को बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी पुलिस विभाग को मुहैया करवाने के बारे में भी कहा जा रहा है।
फाजिल्का के अलावा जलालाबाद में भी बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर सर्च अभियान चलाया गया। डीएसपी पन्नू ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को मुख्य रखते हुए लगातार चेकिग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत स्टेशन पर हर आने वाली गाड़ी और संदिग्ध यात्रियों की जांच की जा रही है। यह जांच होटलों, बस स्टैंड के अलावा सार्वजनिक जगहों पर जारी है। इसके अलावा शहर के मुख्य मार्गो पर भी नाकाबंदी करके वाहनों की जांच दिन व रात दोनों समय की जा रही है। इसके अलावा एसएसपी फाजिल्का के आदेशों अनुसार स्कूलों, सरकारी विभागों, धार्मिक स्थलों आदि में भी पुलिस की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा प्रबंधों को लेकर कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। अगर किसी को कोई व्यक्ति संदिग्ध हालत में मिलता है, तो वह इसकी जानकारी थाना सिटी पुलिस को दे सकता है। साथ ही उन्होंने होटल संचालकों को बाहर से आने वाले लोगों का हर तरह का डाटा अपने पास रखने के लिए कहा।